Hardoi News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भरावन में बुधवार को आयोजित स्वास्थ्य मेले में सांसद अशोक रावत ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि पहले लंबी दूरी की यात्रा में जहां 12 घंटे तक का समय लगता था, वहीं आज एक्सप्रेसवे नेटवर्क के विस्तार के कारण वही सफर लगभग 5 घंटे में पूरा हो रहा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बदलावों का किया उल्लेख
सांसद अशोक रावत ने स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक समय भारत पोलियो ड्रॉप के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन आज देश में ही इसका उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अब अन्य देशों को भी पोलियो ड्रॉप उपलब्ध करा रहा है। सांसद ने कहा कि विकास करना उनकी जिम्मेदारी है और नैमिषारण्य कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्रदान करेंगी।
11 स्थानों पर लगेंगी फ्रीजर युक्त पानी की टंकियां
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विनोद सिंह तोमर ने कहा कि क्षेत्र में कराए गए विकास कार्य अब धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 11 प्रमुख स्थानों पर फ्रीजर युक्त पानी की टंकियां स्थापित की जाएंगी। इनमें सीएचसी भरावन, आस्तिक मुनि आश्रम खसरौल, नाग बाबा बहेरिया, लखाईखेड़ा बाजार, मिश्राखेड़ा बाजार, जंगली शिव मंदिर, जनता इंटर कॉलेज, शीतला माता मंदिर, पत्थरताली चौराहा एवं अतरौली चौराहा सहित अन्य स्थान शामिल हैं।
स्वास्थ्य जांच के लिए लगाए गए विभिन्न स्टॉल
स्वास्थ्य मेले में टीबी जांच, खून की जांच और बलगम जांच सहित विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए गए। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया।
लाभार्थियों को वितरित किए गए आयुष्मान कार्ड
कार्यक्रम के उपरांत अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सांसद अशोक रावत एवं ब्लॉक प्रमुख ने 11 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। वहीं टीबी के पांच मरीजों को पौष्टिक आहार पोटली प्रदान की गई।
इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. अरविंद मिश्रा, मंडल अध्यक्ष सूरज सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष लालता प्रसाद अर्कवंशी, सुनील तिवारी, राजेश अवस्थी, राजू पाण्डेय, शोभित शुक्ला, विनीत पाण्डेय, सतेंद्र सिंह, प्रशांत त्रिपाठी, आशीष अवस्थी, डॉ. राजपाल, सरवन सैनी, प्रशांत पांडेय सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
Author: Shivam Verma
Description











