Madhogarh, Jalaun News: माधौगण कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कस्बे के अंदर स्थित शराब के ठेके से वहां की महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि ठेके के आसपास शराबियों की भीड़ लगी रहती है, जिससे उनका घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
बस्ती की महिलाओं ने बताया कि जब वे छोटी माता मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाती हैं तो रास्ते में शराबी खड़े होकर उल्टी-सीधी बातें करते हैं। इस वजह से महिलाएं और बच्चियां असुरक्षित महसूस करती हैं। स्थानीय निवासी रेखा, सीमा, क्रांति, चंद्रेश और ममता ने बताया कि बाजार या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बाहर जाते समय ठेके के सामने से होकर गुजरना पड़ता है, जहां शराबी नशे में धुत होकर महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करते हैं।

स्थानीय निवासी राजू गुप्ता, जिनका घर ठेके के पास ही स्थित है, ने बताया कि उनके घर के बगल में एक खुला शौचालय है, जहां शराबी आए दिन गंदगी फैलाते हैं और खुले में पेशाब करते हैं। इस कारण वहां रहना तक बेहद मुश्किल हो गया है। इस पर स्थानीय प्रसाशन भी कोई कदम नहीं उठा रहा है।
बस्ती की सभी महिलाओं ने एकमत होकर मांग की है कि इस शराब के ठेके को जल्द से जल्द बस्ती से हटाया जाए ताकि उन्हें इस परेशानी से निजात मिल सके। महिलाओं ने प्रशासन से अपील की है कि वे इस समस्या का संज्ञान लें और उचित कार्रवाई करें।











