Jhansi News: झांसी जिले के पूँछ थाना क्षेत्र से गुरुवार शाम एक बेहद चिंताजनक और शर्मनाक मामला सामने आया, जहां महज शक के आधार पर चार युवकों ने एक युवक की सरेआम बेरहमी से पिटाई कर दी। इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक अपने मोहल्ले में किसी निजी काम से जा रहा था। तभी चार युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। पहले तो उसे गालियां दी गईं और फिर बहन से छेड़खानी का आरोप लगाते हुए अचानक उस पर टूट पड़े। चारों ने मिलकर युवक को सड़क पर गिरा दिया और लात-घूंसे बरसाने लगे।
पीड़ित खुद को बचाने की कोशिश करता रहा और पास पड़ी एक लोहे की पाइप को पकड़कर गिरने से खुद को बचाने की कोशिश की। लेकिन गुस्साए युवकों ने उसकी एक नहीं सुनी। इसी बीच, वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
वीडियो वायरल, पुलिस हरकत में आई
जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, इलाके में सनसनी फैल गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चार युवक मिलकर एक अकेले युवक को बेरहमी से पीट रहे हैं। कुछ लोग वहां खड़े तमाशबीन बने रहे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं की।
घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को थाने ले आई। युवक ने थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर पूँछ थाना पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 115/2, 352 और 351/3 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की बारीकी से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या वाकई पीड़ित युवक ने किसी तरह की छेड़खानी की थी या फिर यह महज एक गलतफहमी और निजी दुश्मनी का नतीजा था।











