UP News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीमों ने थाना कटेरा अंतर्गत खिरक कंडोर गांव में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस छापेमारी में पुलिस ने महिलाओं सहित करीब 300 लोगों को हिरासत में लिया है। इलाके में अचानक हुई इस भारी पुलिस तैनाती और धरपकड़ से हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई साइबर अपराधों से जुड़े मामलों की जांच के तहत की गई है। ऑपरेशन की कमान झांसी के आईजी स्तर के अधिकारियों ने संभाली थी। कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आधी रात को पूरे गांव की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया गया, जिससे कोई भी संदिग्ध बच न सके।
यह छापेमारी रात के करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई, जब पूरा गांव सो रहा था। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमें गांव के हर कोने में तैनात हो गईं। इस ऑपरेशन में झांसी के एसपी, एएसपी और सीओ समेत कई थानों का भारी पुलिस बल और विशेष साइबर क्राइम एक्सपर्ट्स शामिल रहे। रात के अंधेरे में ड्रोन की मदद से पूरे इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा गया।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से अभी तक किसी भी आधिकारिक बयान या विस्तृत प्रेस नोट जारी नहीं किया गया है। स्थानीय निवासी इस बड़ी कार्रवाई के बाद से दहशत में हैं और अधिकृत सूचना का इंतजार कर रहे हैं।
फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ का सिलसिला जारी है। पुलिस अधिकारी मामले की गहनता से छानबीन कर रहे हैं और पकड़े गए लोगों के तार किन गिरोहों से जुड़े हैं, इसकी पड़ताल की जा रही है। माना जा रहा है कि इस बड़े ऑपरेशन के बाद साइबर क्राइम से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं, जिससे आगामी दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।
Author: Shivam Verma
Description









