Bigg Boss 20: हाल ही में संपन्न हुए चर्चित रियलिटी शो लॉकअप सीजन 2 के समापन के बाद से ही सोशल मीडिया पर एक बड़ी चर्चा जोर पकड़ रही है। शो की विजेता बनकर उभरीं श्रेया कालरा ने अपनी बेहतरीन गेम स्ट्रैटेजी और व्यक्तित्व से दर्शकों के दिलों में जगह बनाई है। उनकी इस शानदार जीत के बाद से ही उनके प्रशंसकों में यह उत्सुकता बढ़ गई थी कि क्या वह अब सलमान खान के सुपरहिट शो बिग बॉस 20 में बतौर कंटेस्टेंट दिखाई देंगी।
इन तमाम कयासों और अटकलों पर अब खुद श्रेया कालरा ने चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने साफ तौर पर बिग बॉस में जाने की संभावनाओं को खारिज कर दिया है। श्रेया का कहना है कि लॉकअप 2 का अनुभव उनके लिए मानसिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण और थका देने वाला रहा है। फिलहाल, वह किसी अन्य रियलिटी शो में प्रतियोगी के रूप में शामिल होने के लिए खुद को मानसिक रूप से तैयार नहीं मानती हैं।
अपने इंस्टाग्राम चैनल ‘क्लॉक इट विद श्रेया’ पर एक वॉयस नोट साझा करते हुए उन्होंने बड़ी ही मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अभी-अभी एक पागलखाने से बाहर आई हैं, इसलिए फिलहाल किसी और रियलिटी शो का हिस्सा बनने की उनकी कोई योजना नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशंसकों के प्यार का वह सम्मान करती हैं, लेकिन बिग बॉस के घर में बंद होने का उनका अभी कोई इरादा नहीं है। हालांकि, भविष्य में कुछ सालों बाद वह इस पर विचार कर सकती हैं।
इस बातचीत के दौरान श्रेया ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह से रियलिटी टीवी से दूरी नहीं बना रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें किसी शो में कंटेस्टेंट के अलावा कोई अन्य जिम्मेदारी निभाने का मौका मिलता है, तो वह जरूर उस पर विचार करेंगी। उन्होंने इच्छा जताई कि वह बतौर होस्ट, मेंटर या किसी शो में गैंग लीडर की भूमिका निभाना काफी पसंद करेंगी।
गौरतलब है कि श्रेया कालरा ने लॉकअप 2 से पहले स्क्विड गेम इंडिया के स्पेशल क्रिएटर एडिशन में भी अपनी जीत का परचम लहराया था। लगातार रियलिटी शो में सफलता हासिल करने के बाद उनकी फैन फॉलोइंग काफी बढ़ गई है। फिलहाल, श्रेया अपने हालिया जीत के जश्न में डूबी हैं और अपने करियर के अगले पड़ाव को लेकर काफी सोच-समझकर फैसले ले रही हैं।











