Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में पुरनिया चौराहे के पास लोक सेवा आयोग के पीछे स्थित एक कोचिंग सेंटर में रविवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में छात्र अपनी जान बचाने के लिए इमारत से बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। कई छात्रों ने ऊंचाई से कूदकर खुद को सुरक्षित किया, जबकि कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
धुएं और आग की लपटों से मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही पूरे भवन में तेजी से धुआं फैल गया। कोचिंग सेंटर में उस समय बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। आग और धुएं के कारण छात्रों में भगदड़ मच गई और चारों ओर चीख-पुकार का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को जानकारी दी।
आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। कई छात्रों ने इमारत से कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं, कुछ लोगों के अब भी भवन के भीतर फंसे होने की सूचना मिलने के बाद बचाव अभियान को और तेज कर दिया गया।

14 दमकल गाड़ियां और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म राहत कार्य में जुटे
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने और भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
राहत एवं बचाव कार्य के दौरान प्रशासन और पुलिस की टीमें भी पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर मौजूद रहीं। आग पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे घटनास्थल
घटना की जानकारी मिलते ही कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एडीसीपी उत्तरी ट्विंकल जैन, डीएम विशाख और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
इसके अलावा एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्र, एडीएम सिटी सहित अलीगंज और मड़ियांव थाने की पुलिस टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री ने लिया घटना का संज्ञान
मुख्यमंत्री ने लखनऊ के अलीगंज में हुई इस आग की घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने घायल छात्रों को समुचित और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने और राहत कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री ने सभी घायल छात्रों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
Author: Shivam Verma
Description










