Punjab News: पंजाब के पटियाला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां किराए का मकान देखने गए एक दंपत्ति पर पालतू पिटबुल कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। घुम्मन नगर इलाके में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पीड़ित अंकित सभरवाल और उनकी पत्नी शिफाली इस हमले में बुरी तरह घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अंकित सभरवाल ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि वे महज एक प्रॉपर्टी डीलर के बुलावे पर नया घर देखने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने घर का दरवाजा खोला, वहां मौजूद आक्रामक पिटबुल ने उन पर धावा बोल दिया। अंकित ने बताया कि कुत्ता इतना हिंसक था कि उसने सबसे पहले उनकी पत्नी शिफाली को निशाना बनाया और उन्हें बुरी तरह नोच लिया। शिफाली की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत सर्जरी के लिए ले जाया गया और फिलहाल वह ICU में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं।
पीड़ित अंकित ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की, जिसके कारण उन्हें भी काफी चोटें आई हैं। उनके शरीर पर कई गहरे जख्म हैं और डॉक्टरों ने उन्हें टांके लगाए हैं। अंकित का कहना है कि अगर मौके पर मौजूद स्थानीय लोग डंडे लेकर नहीं आते, तो वे शायद अपनी जान नहीं बचा पाते। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुत्ते का खौफनाक चेहरा साफ दिखाई दे रहा है।
इस घटना के बाद पटियाला प्रशासन हरकत में आया है। स्थानीय लोगों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि शहर में पिटबुल जैसी खतरनाक और आक्रामक नस्ल के कुत्तों को पालने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम की अगली बैठक में विशेष प्रस्ताव पेश किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर संबंधित कुत्ता मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि लापरवाही बरतने वाले मालिक पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जा सके। यह घटना एक बार फिर पालतू जानवरों को लेकर सुरक्षा मानकों और जिम्मेदारी पर बड़े सवाल खड़े करती है।
Author: Shivam Verma
Description









