Bengaluru CA viral post: आजकल के दौर में शादियों का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। दो दिन के जश्न और रिश्तेदारों को प्रभावित करने के लिए लोग अपनी जमा-पूंजी पानी की तरह बहा रहे हैं। हाल ही में बेंगलुरु की एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) मीनल गोयल की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में उस कड़वे सच को उजागर किया है, जो चमक-धमक वाली शादियों के पीछे छिप जाता है।
मीनल गोयल ने 20 लाख रुपये के बजट का पूरा गणित पेश किया है। उनके विश्लेषण के मुताबिक, इस भारी-भरकम बजट का एक बड़ा हिस्सा, यानी करीब 6 लाख रुपये केवल खान-पान (कैटरिंग) में खर्च हो जाते हैं। इसके बाद 5 लाख रुपये वेडिंग हॉल के रेंट, 3 लाख रुपये सजावट, 2 लाख रुपये फोटोग्राफी और 2 लाख रुपये मनोरंजन में खर्च किए जाते हैं। बाकी के 2 लाख रुपये अन्य अनिश्चित खर्चों की भेंट चढ़ जाते हैं।
सीए मीनल का मानना है कि शादी मात्र 48 घंटों का एक कार्यक्रम है, जिसके लिए लोग सालों की बचत खत्म कर देते हैं या फिर भारी कर्ज के जाल में फंस जाते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि दिखावे के लिए लाखों लुटाने से बेहतर है कि उस पैसे का निवेश किया जाए। यदि यही पैसा किसी घर के लिए डाउन पेमेंट या भविष्य के इमरजेंसी फंड के रूप में उपयोग किया जाए, तो नए जोड़े का जीवन आर्थिक रूप से सुरक्षित और तनावमुक्त हो सकता है।
उनकी इस सलाह ने इंटरनेट पर एक तीखी बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर यूजर्स के दो खेमे बन गए हैं। एक तरफ वे लोग हैं जो मीनल की बात से पूरी तरह सहमत हैं और मिडिल क्लास पर मंडराते सामाजिक दबाव को गलत मानते हैं। वहीं, दूसरी तरफ कुछ लोगों का तर्क है कि शादी जीवन का एक खास मौका है, जिसे लोग अपनी खुशी के लिए शानदार तरीके से मनाना चाहते हैं और इसमें बुराई नहीं है।
अंत में, सीए मीनल स्पष्ट करती हैं कि वह जश्न मनाने के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि फिजूलखर्ची के खिलाफ हैं। उनका मकसद किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं, बल्कि नौजवानों को आर्थिक साक्षरता की अहमियत समझाना है। यह वायरल पोस्ट हमें याद दिलाती है कि एक मजबूत वैवाहिक शुरुआत के लिए महंगे तामझाम से कहीं ज्यादा जरूरी है आर्थिक समझदारी और भविष्य की योजना।
Author: Shivam Verma
Description










