Ghaziabad News: गाजियाबाद के भारत सिटी सोसाइटी में तीन सगी बहनों की आत्महत्या का मामला हर दिन नए सवाल खड़े कर रहा है। 4 फरवरी को चेतन कुमार की तीन बेटियों—16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी—ने सोसाइटी की 9वीं मंजिल स्थित अपने फ्लैट से कूदकर जान दे दी थी। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से परिवार, पुलिस और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं। शुरुआती बयान में पिता ने बेटियों को कोरियन गेम और वीडियो का आदी बताया था, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, मामले की परतें खुलती जा रही हैं।
दिल्ली में बच्चियों का अस्थि विसर्जन, देर रात तक पूछताछ
घटना के बाद शुक्रवार को पुलिस ने चेतन कुमार और उनकी तीनों पत्नियों से करीब एक घंटे तक पूछताछ की। उसी दिन चेतन ने परिवार के साथ दिल्ली में बच्चियों का अस्थि विसर्जन किया। लौटने के बाद रात करीब 9 बजे पुलिस टीम उनके फ्लैट पर पहुंची और सभी को डीसीपी ट्रांस हिंडन कार्यालय ले जाया गया। यहां डीसीपी निमिष पाटील ने चेतन, उनकी पहली पत्नी सुजाता, दूसरी पत्नी हिना और तीसरी पत्नी टीना से अलग-अलग सवाल किए। पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया और वे अपने फ्लैट लौट आए। घटना स्थल पर अब तक पुलिस की बैरिकेडिंग और रस्सी नहीं हटाई गई है, जिससे सोसाइटी के निवासियों में भय का माहौल बना हुआ है।
लंबे समय से स्कूल नहीं जा रहीं थीं तीनों बहनें
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृत तीनों बहनें काफी समय से स्कूल नहीं जा रही थीं। चेतन कुमार के अनुसार, कोरोना काल के दौरान बच्चियों ने स्कूल जाना बंद कर दिया था। इसके बाद उन्हें कई बार स्कूल भेजने की कोशिश की गई, लेकिन वे तैयार नहीं हुईं। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि परिवार पर किसी बड़े कर्ज का दबाव नहीं था। दो करोड़ रुपये के कर्ज की चर्चा को चेतन और उनकी पहली पत्नी सुजाता ने गलत बताया है। हालांकि, यह सामने आया कि चेतन ने दो फ्लैट किराए पर ले रखे थे और कोरोना के समय कुछ आर्थिक परेशानी जरूर आई थी, जो बाद में सामान्य हो गई।
तीन शादियां और विरोधाभासी बयान
मामले में तीनों पत्नियों के बयान भी स्थिति को और जटिल बना रहे हैं। पहली पत्नी सुजाता ने स्वीकार किया कि बच्चियों पर पर्याप्त ध्यान न दे पाना उनकी बड़ी गलती रही। दूसरी पत्नी हिना ने बताया कि उनकी शादी परिवार की सहमति से हुई थी। वहीं तीसरी पत्नी टीना ने कहा कि आपसी संबंध बनने के बाद उन्होंने चेतन से शादी की थी। पूछताछ के दौरान चेतन ने अपने निजी जीवन से जुड़े कई अहम तथ्य स्वीकार किए। उन्होंने बताया कि पहली पत्नी से उन्हें कोई संतान नहीं थी, जिसके बाद परिवार की इच्छा से उन्होंने साली हिना से विवाह किया। बाद में सीलमपुर में पड़ोस में रहने वाली तब्बू से उनके संबंध बने, जिनकी 2018 में तीसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद तब्बू की रिश्तेदार टीना से उनके संबंध बने और गर्भवती होने पर कोर्ट मैरिज की गई।
मोबाइल फोन और सुसाइड नोट ने बढ़ाई जांच की दिशा
मोबाइल फोन को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। चेतन के मुताबिक, करीब छह महीने पहले उन्होंने बच्चियों को दो मोबाइल फोन दिलाए थे। उनका दावा है कि उन्होंने कभी बच्चियों के साथ मारपीट नहीं की। बच्चियां उनके साथ सोती थीं, लेकिन देर रात फोन लेकर दूसरे कमरे में चली जाती थीं और धीरे-धीरे मोबाइल की आदी हो गई थीं। पुलिस को घटना के बाद एक आठ पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें कोरियन गेम और कोरियन संस्कृति के प्रति गहरे लगाव का जिक्र है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जाएगी।
Author: Shivam Verma
Description











