Lucknow News: लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के राजा खेड़ा के पास स्थित नहर में एक अज्ञात शव उतराता हुआ मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकालकर जांच में जुट गई है।
शव के साथ बरामद हुई बाइक
इंस्पेक्टर मोहनलालगंज के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव के साथ नहर में गिरी बाइक को भी बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान दीपू के रूप में हुई, जो कोहिनूर लॉन के पास रहता था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
हत्या या हादसा? पुलिस की जांच जारी
शव मिलने के बाद पुलिस यह जांच करने में जुटी है कि यह मामला हत्या का है या फिर हादसे का। शुरुआती जांच में यह प्रतीत हो रहा है कि युवक संभवतः शराब के नशे में बाइक सहित नहर में गिर गया होगा। हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और यदि उनकी ओर से कोई तहरीर मिलती है तो उस दिशा में भी जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
बिना जांच के अभी कुछ भी कहना अनुचित होगा, कि यह मामला हत्या से जुयादा है या फिर हादसा। अभी दीपू के परिवार के लोगों ने भी पुलिस को कोई तहरीर नहीं सौपीं है, जिससे हत्या कि अन्य आशंकाओं को मजबूत जड़ भी नहीं मिली है।











