Bulandshahr News: यूपी के बुलंदशहर जनपद के स्याना तहसील क्षेत्र में एक टेंट व्यापारी ने न्याय न मिलने से हताश होकर तहसील परिसर में पोस्टर चिपका दिए, जिन पर लिखा था – ‘CM साहब न्याय दो या इच्छा मृत्यु’! इस घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। टेंट व्यापारी विनोद कुमार का कहना है कि उसने न्याय पाने के लिए थाने से लेकर तहसील और यहां तक कि मुख्यमंत्री कार्यालय तक गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
जलकर राख हुआ लाखों का सामान
स्याना तहसील निवासी विनोद कुमार टेंट और केटरिंग व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि उनका टेंट का सामान उनके चाचा रामपाल सिंह के मकान में रखा था। 25 दिसंबर 2024 की देर रात अज्ञात लोगों ने उनकी दुकान के ताले तोड़कर आग लगा दी, जिससे करीब 26 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। उनके चाचा रामपाल सिंह का खाद, बीज और अनाज भी आग की चपेट में आ गया।
इस हादसे के बाद चाचा मकान की मरम्मत और नुकसान की भरपाई का दबाव बना रहे हैं, वहीं बैंक लोन की किस्त भरने का भी दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में विनोद गंभीर आर्थिक संकट में फंस गए हैं। उन्होंने बताया कि FIR दर्ज होने के बावजूद पुलिस ठोस सबूत मांग रही है, जिससे कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
कई जगह भटके, लेकिन नहीं मिला न्याय
विनोद कुमार का आरोप है कि उन्होंने न्याय और आर्थिक सहायता के लिए पुलिस, तहसील प्रशासन और मुख्यमंत्री कार्यालय तक अपनी फरियाद रखी, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जब कहीं से मदद नहीं मिली, तो आखिरकार उन्होंने तहसील कार्यालय के बाहर पोस्टर चिपका दिए।
राहत कोष से मिलेगी मदद
इस घटना के बाद स्याना तहसील प्रशासन हरकत में आया। स्याना के एसडीएम गजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पीड़ित से वार्ता की गई। स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी से संपर्क कर मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने की पहल की जा रही है। प्रशासन ने तहसील परिसर से पोस्टर हटवा दिए हैं और पीड़ित को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया गया है।











