Barabanki News: आज पूरे देश में हिंदवी स्वराज के संस्थापक, वीरता और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। इसी क्रम में बाराबंकी जनपद में एक भव्य हिंदू भगवा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना के रंग में रंग दिया।

शहाबपुर टोल प्लाजा से हुई यात्रा की शुरुआत
वरिष्ठ भाजपा नेता और मिशन सरदार पटेल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जंग बहादुर पटेल के नेतृत्व में आयोजित यह यात्रा बाराबंकी जनपद के शहाबपुर टोल प्लाजा से प्रारंभ हुई। यात्रा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। भगवा ध्वज, ‘जय श्री राम’ और देशभक्ति के नारों के साथ निकली इस यात्रा में प्रतिभागियों ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर कार्यक्रम को विशेष स्वरूप दिया।

यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आया।
सांस्कृतिक चेतना और एकजुटता पर जोर
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म के लोगों को एकजुट करना और समाज में सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करना था। उनका कहना है कि छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्श आज भी समाज को एकता, साहस और धर्म की रक्षा का संदेश देते हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रशासन की निगरानी में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम को सफल बनाने में भारतीय युवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार वर्मा “सोनू”, बीजेपी जिला अध्यक्ष अरुण कुमार वर्मा, कमल जायसवाल, जिला मंत्री प्रमोद कुमार वर्मा, शिवहरि वर्मा, अशोक वर्मा, विनय कुमार वर्मा, मनीष कुमार वर्मा, संदीप कुमार वर्मा, विपिन कुमार वर्मा तथा डॉ. अरविंद कुमार वर्मा समेत कई लोग उपस्थित रहे।
यात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए थे। प्रशासन की निगरानी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
Author: Shivam Verma
Description










