Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कोतवाली अमापुर क्षेत्र के भबूपुरा गांव में 35 वर्षीय महिला की कथित तौर पर उसके तहेरे जेठ और उसके परिवार के लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर से ले जाकर की बेरहमी से पिटाई
मृतक महिला की पहचान रुचि (35) पत्नी पवन कुमार के रूप में हुई है। वह अपने ससुराल भबूपुरा गांव, थाना अमापुर में अपने 8 वर्षीय बेटे हार्दिक के साथ रहती थी।
बताया जा रहा है कि महिला के तहेरे जेठ नीरज और उसके परिवार के लोग उसे घर से उठाकर अपने घर ले गए। आरोप है कि वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। बाद में महिला का शव नीरज के घर में पड़ा मिला, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
मृतका का पति पवन कुमार लखनऊ में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। पवन के अनुसार वह होली के मौके पर गांव आया था और गुरुवार को वापस लखनऊ के लिए निकल गया था।
पवन ने बताया कि जब वह अलीगढ़ पहुंचा, तभी उसके बेटे हार्दिक ने फोन करके जानकारी दी कि ताऊ नीरज और उनके परिवार के लोग उसकी मां को मार रहे हैं। बेटे की यह बात सुनकर पवन घबरा गया और तुरंत गांव के कुछ लोगों को फोन किया। इस दौरान जानकारी मिली कि नीरज उसकी पत्नी को खींचकर अपने घर ले गया है।
112 पर दी सूचना, अस्पताल में हुई मौत
घटना की जानकारी मिलते ही पवन ने तुरंत 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
8 साल का बेटा बना चश्मदीद गवाह
इस घटना का सबसे अहम गवाह मृतका का 8 वर्षीय बेटा हार्दिक बताया जा रहा है। बच्चे के अनुसार ताऊ नीरज और उनके परिवार के लोग घर आए और उसकी मां को जबरन उठाकर अपने घर ले गए।
हार्दिक ने बताया कि वहां कमरे में बंद करके उसकी मां की पिटाई की गई। इस दौरान वह डर गया और अपने एक दोस्त के घर भाग गया। वहीं से उसने पुलिस को फोन करके पूरी घटना की जानकारी दी।
इस मामले में अमापुर पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी नीरज घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। फिलहाल पुलिस ने नीरज की पत्नी, बेटे और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गांव में दहशत और आक्रोश
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद भबूपुरा गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खून के रिश्तों में इस तरह की घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।
Author: Shivam Verma
Description










