Translate Your Language :

Home » उत्तर प्रदेश » हमीरपुर » Hamirpur News: शादी की खुशियां मातम में बदली; कुएं में गिरने से 7 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

Hamirpur News: शादी की खुशियां मातम में बदली; कुएं में गिरने से 7 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

Facebook
X
WhatsApp

Hamirpur News: हमीरपुर जनपद के राठ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत स्यावारी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शादी समारोह के दौरान खेल रही 7 वर्षीय मासूम बच्ची की कुएं में गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशी का माहौल अचानक चीख-पुकार में बदल गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

डीजे के शोर में दब गई मासूम की आवाज

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात गांव निवासी उपासना पुत्री कामता की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। बारात जलालपुर थाना क्षेत्र के बरहरा गांव से आई थी। गांव में उत्सव का माहौल था और दूल्हा सुनील सहित बाराती डीजे की धुन पर नाचने में व्यस्त थे। इसी दौरान पास में स्थित कुएं के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे, जबकि परिजन घर के भीतर सो रहे थे।

इसी बीच खेलते-खेलते 7 वर्षीय नैंसी पुत्री धर्मेंद्र अचानक कुएं में गिर गई। डीजे और शोर-शराबे के कारण किसी को भी इस घटना की भनक तक नहीं लग सकी, जिससे मासूम की पुकार अनसुनी रह गई।

रातभर तलाश के बाद सुबह मिला शव

जब काफी देर तक नैंसी का कहीं पता नहीं चला, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। रात भर गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।

सोमवार सुबह जब मोहल्ले के कुछ लोग कुएं के पास पहुंचे, तो वहां पानी में नैंसी का शव उतराता मिला। शव देखते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक नैंसी अपने माता-पिता की बड़ी बेटी थी और उसकी एक ढाई साल की छोटी बहन भी है। मासूम की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस मोहल्ले में शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहीं इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें