वाराणसी में कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री की गोली मारकर हत्या किए जाने से रेलवे यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना ट्रेन की एस-2 बोगी में हुई, जहां अज्ञात हमलावर ने यात्री के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम जांच में जुट गई।
नैमिषारण्य धाम जा रहा था मृतक
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान बिहार के गया जिले के पिपरिया क्षेत्र निवासी 42 वर्षीय दिनेश शाह के रूप में हुई है। वह अपनी बहन और रिश्तेदारों के साथ सीतापुर स्थित नैमिषारण्य धाम जा रहा था। दिनेश शाह एस-2 कोच में यात्रा कर रहा था, जबकि उसकी बहन, बच्चे और अन्य परिजन जनरल बोगी में सफर कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि देर रात ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान बाथरूम के पास अज्ञात हमलावर ने दिनेश शाह के सिर में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई। घबराए यात्रियों ने तत्काल इसकी सूचना ट्रेन स्टाफ को दी।
वाराणसी जंक्शन पर उतारा गया शव
ट्रेन के वाराणसी जंक्शन पहुंचने पर शव को नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी जीआरपी प्रशांत वर्मा, क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रभात सिंह और आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक टीम ट्रेन के साथ आगे रवाना की गई है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। रेलवे सुरक्षा एजेंसियां यात्रियों से पूछताछ कर रही हैं और कोच में मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी चंदौली में चलती ट्रेन में यात्री की हत्या का मामला सामने आ चुका है, जिसके बाद एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
Author: Shivam Verma
Description










