Hardoi News: हरदोई जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर शवों के अंग बिखर गए। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
एक ही बाइक पर सवार थे तीनों युवक
मृतकों की पहचान फतेहपुर पथरौली गांव निवासी पंकज (20), अनूप (18) और प्रवीण उर्फ बाबू (22) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनूप और पंकज आपस में सगे चाचा के बेटे थे, जबकि प्रवीण रिश्ते में उनका चचेरा भाई था। तीनों के बीच गहरी दोस्ती और भाईचारा था। गांव के लोगों के अनुसार, वे अधिकतर समय साथ ही बिताते थे और हर जगह एक साथ नजर आते थे।
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बाल कटवाने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक अचानक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं
परिजनों के अनुसार, अनूप ने इसी वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी और आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रहा था। वहीं प्रवीण नोएडा से अपने मामा के यहां शादी समारोह में शामिल होने गांव आया हुआ था।
परिवार में शादी की खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने पलभर में पूरे घर को मातम में बदल दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंपर को भी कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
Author: Shivam Verma
Description










