Mohammad Deepak: उत्तराखंड के कोटद्वार में “मोहम्मद दीपक” नाम से चर्चित दीपक कुमार एक बार फिर सुर्खियों में हैं। एक चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया है कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ने का प्रस्ताव मिला है। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता राजनीति नहीं, बल्कि परिवार और जिम का काम है।
भाजपा से जुड़ने का मिला प्रस्ताव
राजनीति में आने को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपक कुमार ने कहा कि वे अभी राजनीति में आने के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई राजनीतिक दलों की ओर से उन्हें संपर्क किया जा रहा है, जिनमें भाजपा भी शामिल है।
दीपक ने कहा, “सभी लोग बोल रहे हैं कि मेरे यहां जॉइन करो। भाजपा भी जॉइन करने के लिए बोल रही है। राजनीति चीज ही ऐसी है…”। हालांकि उन्होंने किसी नेता का नाम सार्वजनिक नहीं किया, लेकिन इतना जरूर कहा कि भाजपा से जुड़े एक नेता ने उन्हें पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि वे सामान्य जीवन जीने में विश्वास रखते हैं और इस समय उनका पूरा ध्यान अपने जिम और परिवार की जिम्मेदारियों पर है। दीपक के मुताबिक उनके लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता अपने बच्चे की पढ़ाई, स्कूल फीस और घर का खर्च चलाना है।
आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं दीपक
दीपक कुमार ने बताया कि इस समय उनकी आर्थिक स्थिति काफी खराब चल रही है। उन्होंने कई प्लेटफॉर्म्स पर दावा किया है कि पिछले पांच महीनों से वे अपने जिम का किराया तक नहीं दे पाए हैं। उन्होंने कहा कि एक समय उनके जिम में करीब 200 लोग आते थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर 50 से 60 रह गई है। कोटद्वार में उनका “हल्क जिम” नाम से फिटनेस सेंटर संचालित होता है।
दीपक का कहना है कि हालात इतने कठिन हो चुके हैं कि घर का खर्च उनकी मां की चाय की दुकान से चल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्थिति सामान्य होने में अभी पांच से छह महीने और लग सकते हैं।
26 जनवरी की घटना के बाद बदले हालात
दीपक कुमार ने बताया कि 26 जनवरी को उन्होंने एक मुस्लिम दुकानदार की मदद की थी। उनके अनुसार, उसी घटना के बाद से हालात बदल गए और उनके जिम पर भी असर पड़ा। उन्होंने कहा कि घटना को कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। उनके मुताबिक पहले जहां जिम में भारी भीड़ रहती थी, वहीं अब ग्राहकों की संख्या काफी कम हो चुकी है।
दीपक ने कहा कि कोटद्वार के स्थानीय लोग अच्छे हैं, लेकिन उन्हें इस बात का दुख है कि जो लोग पहले उनके जिम में आते थे, वे अब लौटकर नहीं आए। उन्होंने आशंका जताई कि शायद कुछ लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है कि वे उनके जिम में न जाएं। दीपक के अनुसार कई लोग या उनके परिवार वाले इस तरह का दबाव बना रहे हैं।
सांप्रदायिक तनाव से जुड़ी नई घटना का दावा
इंटरव्यू के दौरान दीपक कुमार ने कोटद्वार में सांप्रदायिक तनाव से जुड़ी एक और घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि एक महिला ने पहले एक दुकान पर चप्पलों का दाम पूछा था। उस समय दुकानदार ने 130 रुपये कीमत बताई थी। करीब 8 से 10 दिन बाद वही महिला दोबारा दुकान पर पहुंची और कीमत पूछी, जिस पर दुकानदार ने इस बार 150 रुपये बताए।
दीपक के मुताबिक दाम बढ़ने पर दुकानदार ने कहा कि रात के समय दुकान बंद करते वक्त वे अपना मार्जिन नहीं लेते। इसी बात पर महिला नाराज हो गई और आरोप लगाने लगी।
“बजरंग दल से जुड़े व्यक्ति ने की पिटाई”
दीपक ने दावा किया कि महिला ने अपने पति को बुलाया, जो इलाके में बजरंग दल से जुड़ा हुआ है। उनके अनुसार, जब उस व्यक्ति को पता चला कि दुकानदार मुस्लिम है तो उसकी पिटाई की गई और बाद में उसे गिरफ्तार भी कराया गया। दीपक का आरोप है कि दुकानदार को पूरी रात थाने में रखा गया। अगले दिन गौशाला के नाम पर 51 हजार रुपये की पर्ची कटाने के लिए कहा गया। बाद में 20 हजार रुपये लेकर मामला खत्म किया गया, लेकिन पर्ची नहीं दी गई।
उन्होंने कहा कि संबंधित लोग मामले को ज्यादा बढ़ाना नहीं चाहते थे और सोशल मीडिया पर भी नहीं आना चाहते थे।
Author: Shivam Verma
Description









