Telangana News: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहाबाद थाना क्षेत्र में पॉक्सो (POCSO) एक्ट के एक आरोपी ने जमानत पर जेल से बाहर आने के कुछ ही दिनों बाद कथित तौर पर नाबालिग रेप पीड़िता, उसकी मां और नानी की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी और दो बच्चों की भी जान ले ली। इस सनसनीखेज घटना में कुल छह लोगों की मौत हो गई है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
जमानत पर बाहर आते ही वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रंगारेड्डी जिले के शाबाद मंडल निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पहले से नाबालिग लड़की से जुड़े मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था और वह इसी केस में जेल में बंद था। कुछ ही दिन पहले उसे जमानत मिली थी। आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद उसने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले नाबालिग रेप पीड़िता, उसकी मां और नानी की हत्या की। इसके बाद उसने अपनी ही पत्नी और दो बच्चों की भी जान ले ली। इस तरह अलग-अलग स्थानों पर छह लोगों की हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने परिजनों को फोन कर बताया कि उसने दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है और अब वह खुद आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है और वह फरार है।
पुलिस ने शुरू किया व्यापक तलाशी अभियान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर ने क्या कहा?
फ्यूचर सिटी के पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने मामले पर जानकारी देते हुए कहा, “शुरुआती जांच से पता चलता है कि आरोपी ने रात में दो अलग-अलग जगहों पर हत्याएं कीं। इसके बाद उसने अपने पिता को फोन कर अपराध की जानकारी दी। तभी से आरोपी फरार है। पुलिस की स्पेशल टीमें बनाई गई हैं और हमें कुछ अहम सुराग मिले हैं। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान लगातार जारी है।
Author: Shivam Verma
Description










