Home » उत्तर प्रदेश » कुशीनगर » Kushinagar News: स्कूल चलो अभियान के तहत ब्लॉक संसाधन केन्द्र पडरौना में निकली भव्य रैली, उत्कृष्ट नामांकन करने वाले शिक्षकों का हुआ सम्मान

Kushinagar News: स्कूल चलो अभियान के तहत ब्लॉक संसाधन केन्द्र पडरौना में निकली भव्य रैली, उत्कृष्ट नामांकन करने वाले शिक्षकों का हुआ सम्मान

Facebook
X
WhatsApp

Kushinagar News: शासन की प्राथमिकता एवं स्कूल चलो अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत विकासखंड पडरौना स्थित ब्लॉक संसाधन केन्द्र पर भव्य जनजागरूकता रैली, शैक्षिक संगोष्ठी, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण तथा उत्कृष्ट नामांकन करने वाले शिक्षक साथियों के सम्मान समारोह का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा नामांकन एवं शिक्षण गुणवत्ता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का उत्साहवर्धन करना रहा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पडरौना मनीष बुलबुल जायसवाल तथा विशिष्ट अतिथि अनिल कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (संप्रति प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, कुशीनगर) रहे। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र बहादुर सिंह एवं नगर क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी अमित चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारियों ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का बुके, उत्तरीय एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

जनजागरूकता रैली के माध्यम से शिक्षा का दिया गया संदेश

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं की सहभागिता से स्कूल चलो अभियान की भव्य जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से अभिभावकों एवं आमजन को यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक बालक एवं बालिका का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे।

रैली के दौरान शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले प्रेरक नारों से पूरा वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर गया।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

मुख्य अतिथि मनीष बुलबुल जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की वास्तविक उन्नति गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही संभव है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालयों को उत्कृष्ट शिक्षण एवं संस्कार के केन्द्र के रूप में विकसित करने तथा प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

विशिष्ट अतिथि अनिल कुमार सिंह ने कहा कि स्कूल चलो अभियान केवल नामांकन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक बच्चे की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, सीखने के अनुकूल वातावरण और विद्यालय के समग्र विकास का अभियान है। उन्होंने शिक्षकों से नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों को अपनाकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों को वितरित की गईं निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया, ताकि नवीन शैक्षिक सत्र की शुरुआत से ही उन्हें आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही विकासखंड के सर्वाधिक नामांकन करने वाले 15 विद्यालयों के शिक्षक साथियों को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से अभिनंदन किया।

अनुभव साझा सत्र में शिक्षकों ने बताई सफलता की रणनीति

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण अनुभव साझा सत्र रहा। इस दौरान उत्कृष्ट नामांकन करने वाले विद्यालयों के शिक्षक उमाशंकर सिंह, दुर्गेश त्रिपाठी एवं रमेश गौड़ ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने घर-घर संपर्क अभियान, अभिभावकों से संवाद, सामुदायिक सहभागिता, विद्यालय के आकर्षक वातावरण तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के माध्यम से नामांकन बढ़ाने की सफल रणनीतियों से सभी को अवगत कराया। उनके अनुभवों ने उपस्थित शिक्षकों को यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयास और सकारात्मक सोच के माध्यम से शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

प्रभावी संचालन एवं आभार ज्ञापन

कार्यक्रम का प्रभावी, गरिमामयी एवं ओजस्वी संचालन राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, ब्लॉक इकाई पडरौना के ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र नारायण पाण्डेय ने किया। उन्होंने शिक्षा के सामाजिक महत्व, शिक्षक की भूमिका तथा स्कूल चलो अभियान की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों को कार्यक्रम की प्रत्येक गतिविधि से प्रभावी रूप से जोड़े रखा।

कार्यक्रम में इंद्रजीत मणि त्रिपाठी, प्रवीण कुमार पाण्डेय, अनूप सिंह, मेहरुद्दीन अली, दुर्गेश त्रिपाठी, नीतू सिंह, हर्षिता शुक्ला, लक्ष्मीश्री मिश्रा, विंदा चौहान, आकाश सिंह, गीता जी, रमेश गौड़, उमाशंकर सिंह, उमेश तिवारी, केशव, शुभम, अमित, हिमांशु तथा आकस्मिक रिसोर्स पर्सन मनीष वाजपेयी, नित्यानंद मिश्रा, सुबोध शुक्ला, अखिलेश सिंह एवं ऋषिकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएँ, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अंत में खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र बहादुर सिंह ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों, शिक्षक साथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक का दायित्व है कि वह अपने विद्यालय क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प लेकर कार्य करे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से विकासखंड पडरौना शत-प्रतिशत नामांकन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा।

कार्यक्रम का समापन शिक्षा के व्यापक प्रसार, प्रत्येक बच्चे के विद्यालय में नामांकन, नियमित उपस्थिति तथा गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा के सामूहिक संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें