Hamirpur News: हमीरपुर जनपद के मौदहा कस्बे में ईद उल–अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। त्योहार को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कस्बे का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रमुख मस्जिदों और नमाज स्थलों का किया निरीक्षण
गुरुवार को डीएम और एसपी ने मौदहा कस्बे की प्रमुख मस्जिदों, नमाज स्थलों तथा मीरा तालाब क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि त्योहार के दौरान पूरी मुस्तैदी और अनुशासन के साथ ड्यूटी करें। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और अफवाहपूर्ण सूचनाओं को लेकर भी सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से कहा गया कि सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी मौदहा, क्षेत्राधिकारी मौदहा, प्रभारी निरीक्षक मौदहा सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
Author: Shivam Verma
Description










