Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में ककोड़ थाना क्षेत्र के चर्चित फायरिंग कांड में वांछित आरोपी कुलदीप पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्टल, कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
चेकिंग के दौरान पुलिस को दिखा संदिग्ध युवक
सिकंद्राबाद के क्षेत्राधिकारी (सीओ) भास्कर मिश्रा ने बताया कि बीती रात थाना ककोड़ पुलिस और स्वाट टीम हसनपुर लड़ोकी बंबे के पास संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार युवक आता दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और मोटरसाइकिल मोड़कर धनौरा की ओर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर कच्चे रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
सीओ के अनुसार, खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप पुत्र जयन्ती प्रसाद निवासी ग्राम धनौरा, थाना ककोड़, बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, कारतूस, दो मोबाइल फोन और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
15 मई 2026 की फायरिंग घटना में था वांछित
पुलिस जांच में सामने आया कि कुलदीप ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 15.05.2026 को थाना ककोड़ क्षेत्र में जितेंद्र उर्फ जीतू पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। इस हमले में जीतू बाल-बाल बच गया था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि यह पूरी वारदात अमित जाट गैंग द्वारा सुनियोजित तरीके से कराई गई थी। आरोपी के मुताबिक, अमित जाट ने जेल से ही जीतू की हत्या की साजिश रची थी और उसी के निर्देश पर फायरिंग कराई गई थी।
आरोपी से पूछताछ जारी
पुलिस का कहना है कि फायरिंग कांड में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Author: Shivam Verma
Description










