Barabanki News: जनपद बाराबंकी में किसानों को निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा उर्वरकों की उपलब्धता का जायजा लेने के लिए आज दिनांक 15.06.2026 को डॉ. हरेन्द्र कुमार मिश्र, संयुक्त कृषि निदेशक (उर्वरक), उत्तर प्रदेश ने विभिन्न उर्वरक बिक्री केन्द्रों का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा के साथ-साथ पांच उर्वरक बिक्री केन्द्रों का निरीक्षण कर स्टॉक और बिक्री व्यवस्था की जांच की गई।
नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड के केन्द्र पर मिला पर्याप्त स्टॉक
मेसर्स नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड कम्पनी के फुटकर उर्वरक बिक्री केन्द्र, कुरौली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केन्द्र पर 1040 बोरी यूरिया उपलब्ध पाई गई। अभिलेखों और पीओएस मशीन के माध्यम से स्टॉक का मिलान किया गया, जो सही पाया गया।
मौके पर उपस्थित किसान श्री राम नरेश, धरसनिया, श्री प्रमोद, सफीपुर, श्री भगौती प्रसाद, नौबस्ता, श्री कैलाश चन्द्र, रघई तथा श्री राम कुमार, कुरौली से वार्ता की गई। किसानों से अपेक्षा की गई कि वे फार्मर रजिस्ट्री एवं फसल की संस्तुति के अनुसार पीओएस मशीन के माध्यम से ही उर्वरक प्राप्त करें।

एग्रीजक्शन वन स्टॉप शॉप में यूरिया और डीएपी का सत्यापन
मेसर्स एग्रीजक्शन वन स्टॉप शॉप, रघई-गदिया का भी निरीक्षण किया गया। केन्द्र पर 1295 बोरी यूरिया तथा 444 बोरी डीएपी उपलब्ध पाई गई। उपलब्ध स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया गया, जो सही पाया गया।
बिक्री रजिस्टर के आधार पर यूरिया और डीएपी खरीदने वाले कृषक श्री नरेन्द्र प्रताप, अनिल कुमार, धरसनिया, राम प्रसाद तथा राजेश कुमार, दारापुर से दूरभाष पर बातचीत की गई। सभी किसानों ने निर्धारित दर पर उर्वरक प्राप्त होने की पुष्टि की।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित किसानों ने विभिन्न कारणों से फार्मर रजिस्ट्री न बन पाने की समस्या बताई। इस पर संयुक्त कृषि निदेशक ने विक्रेता को निर्देश दिया कि भौतिक सत्यापन एवं पुष्टि के बाद संबंधित किसानों को भूमि अभिलेख के अनुसार संस्तुत मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
सहकारी समिति मुबारकपुर में भी मिली पर्याप्त उपलब्धता
बी-पैक्स/सहकारी समिति मुबारकपुर, धरसेनिया का निरीक्षण किया गया। समिति में 318 बोरी यूरिया तथा 321 बोरी टीएसपी उपलब्ध पाई गई।
बिक्री रजिस्टर के आधार पर तीन किसानों श्री धर्मेन्द्र कुमार, तेलवानी, श्रीमती निरूपमा पाठक, धरसेनिया तथा श्री रंजीत, मुबारकपुर से दूरभाष पर संपर्क कर उर्वरक प्राप्ति की जानकारी ली गई। सभी किसानों ने निर्धारित मूल्य पर उर्वरक मिलने की पुष्टि की।
बीएम सेल्स, असेनी में प्राप्त हुई नई खेप
बीएम सेल्स, असेनी के निरीक्षण के दौरान विक्रेता ने बताया कि उनके यहां उसी दिन 120 बोरी यूरिया प्राप्त हुई है। स्टॉक का मिलान करने पर उपलब्धता सही पाई गई। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि विक्रेता द्वारा निर्धारित दर पर ही उर्वरक की बिक्री की जा रही थी।

राधेश्याम पवन कुमार प्रतिष्ठान पर टीएसपी और सुपर उर्वरक उपलब्ध
मेसर्स राधेश्याम पवन कुमार, फुटकर उर्वरक बिक्री केन्द्र, कुरौली के निरीक्षण के दौरान आईपीएलए टीएसपी की 159 बोरी तथा सुपर की 117 बोरी उपलब्ध पाई गई।
किसानों को बिना टैगिंग के निर्धारित मूल्य पर उर्वरक देने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान संयुक्त कृषि निदेशक (उर्वरक), उत्तर प्रदेश ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया कि किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के अनुसार ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनने में किसी प्रकार की समस्या आ रही हो, उनका भौतिक सत्यापन कर भूमि अभिलेख एवं फसल की संस्तुति के अनुसार निर्धारित मूल्य पर पीओएस मशीन के माध्यम से बिना किसी टैगिंग के उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने जिला कृषि अधिकारी, बाराबंकी को भी निर्देश दिए कि यदि किसी विक्रेता द्वारा अधिक मूल्य पर उर्वरक बिक्री अथवा टैगिंग की शिकायत प्राप्त होती है और उसकी पुष्टि होती है, तो उसके विरुद्ध उर्वरक (अकार्बनिक, कार्बनिक या मिश्रित) (नियंत्रण) आदेश, 1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
Author: Shivam Verma
Description











