Chandauli News: जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। मुखबिर की सूचना पर त्वरित हरकत में आई पुलिस टीम ने झरियावा जंगल के रास्ते से एक गौ तस्कर को तीन बैलों के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए तस्कर की पहचान संतलाल यादव उर्फ संता यादव के रूप में हुई है, जो बिहार में इन्हीं जानवरों को ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में था।
पुलिस को मिली थी पुख्ता जानकारी
थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद ने बताया कि उन्हें विश्वसनीय सूत्र से जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति जंगल के रास्ते कुछ गौवंशों को अवैध रूप से बिहार ले जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार रात करीब 9 बजे झरियावा जंगल में घेराबंदी की और संता यादव को रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके पास से तीन बैल बरामद किए गए, जिन्हें वह पैदल रास्ते से बिहार ले जाने की कोशिश कर रहा था।
पहले भी जा चुका है जेल
गिरफ्तार अभियुक्त संतलाल यादव कोई नया नाम नहीं है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह पहले भी गौ तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। उसकी गतिविधियाँ लंबे समय से संदेह के घेरे में थीं। संतलाल देहात क्षेत्रों से छुट्टा घूम रहे गौवंशों को चुपचाप इकट्ठा करता था और जंगल के सुनसान रास्तों से बिहार पहुंचा कर उन्हें बेच देता था। इस काम से उसे मोटा मुनाफा मिलता था, लेकिन यह सब एक बार फिर पुलिस की सतर्कता से नाकाम हो गया।
कानूनी कार्रवाई शुरू
पुलिस ने संतलाल यादव के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे बुधवार को न्यायालय, न्यायिक मजिस्ट्रेट चकिया चंदौली के समक्ष पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के साथ हेड कांस्टेबल शशिकान्त यादव, हेड कांस्टेबल अजय कुमार यादव और कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव शामिल थे। पुलिस अधीक्षक चंदौली ने टीम की तत्परता और सजगता की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है।

Author: Shivam Verma
Description