Gonda News: अभी अलीगढ़ का सास-दामाद का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि यूपी के गोंडा से एक और चौंकाने वाली कहानी सामने आ गई है। यहां एक युवक अपनी होने वाली सास के साथ फरार हो गया। हैरानी की बात ये है कि जिस लड़की से उसकी शादी तय हुई थी, अब उसी की मां के साथ वो ब्याह रचाकर बेंगलुरु भाग चुका है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और दोनों परिवार सदमे में हैं।
चार महीने पहले तय हुई थी शादी
मामला गोंडा जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाले एक युवक की शादी खोड़ारे थाना क्षेत्र की एक युवती से चार महीने पहले तय हुई थी। रिश्ता तय होने के बाद लड़का और लड़की बातचीत करने लगे, जो स्वाभाविक भी था। इसी दौरान युवक का संपर्क लड़की के परिवार के अन्य सदस्यों से भी हुआ, खासकर उसकी मां से। धीरे-धीरे यह बातचीत इतनी बढ़ी कि घंटों तक फोन पर बातें होने लगीं।
शुरुआत में किसी को शक नहीं हुआ, लेकिन लड़की को यह सब कुछ अटपटा लगने लगा। उसे अपनी मां और मंगेतर के बीच इस तरह की नजदीकियां खटकने लगी थीं।
अलीगढ़ सास-दामाद केस से प्रेरणा
कुछ समय पहले अलीगढ़ में राहुल नामक युवक अपनी होने वाली सास अपना देवी को लेकर फरार हो गया था। यह मामला सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। गोंडा में जब लड़की के परिवार को कुछ इसी तरह की हरकतें नजर आने लगीं तो उन्हें चिंता सताने लगी। उन्होंने रिश्ता तोड़ने का फैसला कर लिया और लड़की ने भी शादी से इनकार कर दिया।
लड़की की नई शादी तय हुई
लड़की के परिवार ने जल्द ही उसका रिश्ता किसी और लड़के से तय कर दिया। 9 मई को शादी की तारीख रखी गई और तैयारियां शुरू हो गईं। लेकिन इस बीच वह हुआ जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। लड़की की मां और उसका पहला मंगेतर यानी होने वाला दामाद, दोनों अचानक गायब हो गए।
अयोध्या में की शादी
परिजनों ने जब दोनों को घर में नहीं पाया तो तलाश शुरू हुई। तीन दिन बीत जाने के बाद जब कोई जानकारी नहीं मिली तो खोड़ारे थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने दुबौलिया थाने को सूचना दी और दोनों की तलाश शुरू की।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि भागने के बाद दोनों अयोध्या के एक मंदिर में शादी रचाकर सीधा बेंगलुरु चले गए। फिलहाल पुलिस इस प्रेमी जोड़े की तलाश में जुटी है।

Author: Shivam Verma
Description