Gorakhpur News: जहां आमतौर पर बारिश होते ही सरकारी कार्यक्रम रद्द या स्थगित हो जाते हैं, वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने जनसेवा के संकल्प को बारिश की बूँदों से भीगने नहीं दिया। गोरखपुर में तेज बारिश के बीच भी उन्होंने जनता दर्शन कार्यक्रम पूरी निष्ठा के साथ संपन्न किया और करीब 300 लोगों की समस्याएं सुनकर उन्हें त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान का भरोसा दिलाया।
बारिश के बावजूद जनता के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री
शनिवार सुबह मौसम का मिजाज पूरी तरह से बिगड़ा हुआ था। तेज बारिश और ठंडी हवाओं के बीच लोगों को यह आशंका सताने लगी थी कि शायद आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता दर्शन कार्यक्रम रद्द हो जाएगा। लेकिन मुख्यमंत्री ने इन आशंकाओं को पूरी तरह झुठला दिया। उन्होंने खुद लोगों के बैठने की व्यवस्था महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में करवाई और जनता दर्शन की शुरुआत की।
सरकार नहीं होने देगी अन्याय
मुख्यमंत्री योगी ने आम जनता से मिलते हुए केवल समस्याएं नहीं सुनीं, बल्कि संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक फरियादी को यह महसूस कराया कि सरकार उनके साथ है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न हो। सभी प्रार्थना-पत्रों को गंभीरता से लें और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
पुलिस और राजस्व मामलों पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़े मामलों पर विशेष चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि जमीन कब्जा और अन्य प्रकरणों में देरी कतई बर्दाश्त नहीं होगी। दबंगों और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने घरेलू विवाद जैसे संवेदनशील मुद्दों पर परस्पर संवाद से समाधान निकालने की सलाह भी दी।
बीमारों को इलाज का भरोसा
जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को इलाज का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि “धन की कमी किसी भी मरीज के इलाज में बाधा नहीं बनेगी।”
जनता दर्शन के दौरान एक आंशिक रूप से दिव्यांग महिला और उसके छोटे बच्चे को देखकर मुख्यमंत्री भावुक हो उठे। उन्होंने अधिकारियों से कहा, “इनकी समस्या तो हल कराओ ही, इन्हें चाय भी पिलाओ।” साथ ही अन्य बच्चों को अपने पास बुलाकर उन्हें प्यार किया, आशीर्वाद दिया और चॉकलेट भेंट कर पढ़ाई में मन लगाने की प्रेरणा दी। यह दृश्य वहां मौजूद सभी लोगों को एक आत्मीय एहसास दे गया।
दिनचर्या में कोई परिवर्तन नहीं
तेज बारिश के बावजूद मुख्यमंत्री योगी की दिनचर्या में कोई बदलाव नहीं आया। उन्होंने गुरु गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया, ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया और मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Author: Shivam Verma
Description