Translate Your Language :

Home » उत्तर प्रदेश » हमीरपुर » Hamirpur News: संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर, अधिकारियों को दिए गए कड़े निर्देश

Hamirpur News: संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर, अधिकारियों को दिए गए कड़े निर्देश

Facebook
X
WhatsApp

Hamirpur News: जनपद हमीरपुर की तहसील सरीला में आज जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

निर्धारित समय सीमा में निस्तारण के निर्देश

जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारी तत्काल अपनी आख्या दर्ज करें, जिसमें निस्तारण की समयसीमा स्पष्ट रूप से अंकित हो। साथ ही आख्या पर शिकायतकर्ता के हस्ताक्षर कराना अनिवार्य बताया गया।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से आवास एवं अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़ी शिकायतों में तत्काल पात्रता या अपात्रता स्पष्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने “जांच की जाएगी” जैसे अस्पष्ट जवाबों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशैली स्वीकार नहीं की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

समन्वय के साथ मौके पर निस्तारण पर जोर

उन्होंने राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों को आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने को कहा। भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पारिवारिक विवाद और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों को विशेष गंभीरता से लेकर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने कानून-व्यवस्था से संबंधित शिकायतों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए मामलों का निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें।

आयुष्मान कार्ड वितरण और जनगणना 2027 को लेकर जागरूकता

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड और प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही संयुक्त सेल्फी के माध्यम से जनगणना 2027 के प्रति आमजन को जागरूक करने का प्रयास किया गया।

लंबित प्रकरणों की समीक्षा के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनका शीघ्र, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी ए.के. श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक नवीन कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी सरीला बलराम गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर/बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी पैगाम हैदर, क्षेत्राधिकारी शाहरुख खान, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें