Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक शादी से लौट रही स्विफ्ट कार नहर में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्ची भी शामिल है, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोतवाली हंसायन क्षेत्र के गांव बरसामई के पास ईशान नदी पर हुआ।
फॉक्स लाइट बनी दुर्घटना की वजह
बताया जा रहा है कि यह कार अलीगढ़ से एक शादी समारोह से लौट रही थी। रास्ते में सामने से आ रहे एक वाहन की फॉक्स लाइट से चालक की नजरें चौंधिया गईं, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नहर में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया, लेकिन कार 40 मिनट तक पानी में डूबी रही। इस दौरान चार लोगों की जान चली गई, जिनमें दो मासूम बच्चे, एक महिला और एक पुरुष शामिल थे।
दुर्घटना में मरने वाले – डॉ. बबलू राजपूत (45) पुत्र तुर्शनपाल सिंह राजपूत, पूनम (28) पत्नी मानवेंद्र सिंह, काव्या (3) पुत्री मानवेंद्रसिंह, भूमि (1) पुत्री मानवेंद्र सिंह हैं। साथ ही इसमें छह लोग घायल हुये हैं –
- चिरांशी पुत्री विमल उम्र 5 वर्ष
- सुनीता पत्नी विमल उम्र 35 वर्ष
- वैष्णवी पुत्री विमल उम्र 6 वर्ष
- कल्पना पुत्री सत्य प्रकाश 12 वर्ष
- गुलशन पुत्री राजेंद्र उम्र 18 वर्ष
- मंजू पत्नी बबलू उम्र 42
स्थानीय लोगों ने की मदद
जैसे ही हादसा हुआ, स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का हर संभव प्रयास किया गया। घायलों को तुरंत सिकंदरा राऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। लेकिन दुखद बात यह रही कि समय पर बचाव न हो पाने के कारण चार लोगों की जान चली गई।
समय पर नहीं पहुंची पुलिस
इस घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि हादसे से महज दो किलोमीटर की दूरी पर पुलिस थाना होते हुए भी समय पर मदद क्यों नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों के रेस्क्यू करने के काफी देर बाद चौकी प्रभारी जरेरा घटनास्थल पर पहुंचे। अगर समय रहते मदद मिल जाती, तो शायद कुछ जानें बचाई जा सकती थीं। वहीं, हादसे की एक बड़ी वजह पुलिया का न होना भी बताया जा रहा है, जिससे यह दर्दनाक घटना घटी।
शोक में डूबा परिवार
इस हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम छा गया है। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। वहीं, घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Author: Shivam Verma
Description