Panchrukhi, Himachal Pradesh: ग्राम पंचायत लदोह की प्रधान श्रीमती अनीता कुमारी ने आज एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया, जिसमें वार्ड नंबर 6 में निजी और सरकारी भूमि पर अवैध रूप से काटे गए पेड़ों के मामले पर वार्ता की गयी।
प्रधान अनीता कुमारी ने बताया कि उन्हें यह शिकायत राम स्वरूप शर्मा द्वारा प्राप्त हुई थी, जिसमें उन्होंने अमन राणा पर उनकी निजी भूमि से 26 हरे-भरे पेड़ और एक बड़ा बांस का झुंड काटने का आरोप लगाया था। इसके अलावा, सरकारी भूमि पर भी तीन पेड़ और एक बांस का झुंड अवैध रूप से काटे जाने की जानकारी मिली। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधान द्वारा शिकायत को वन विभाग कार्यालय, पालमपुर को अग्रेषित किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि कुछ दिनों पूर्व बीमारी के कारण वे इस मामले में कार्रवाई नहीं कर सकीं, लेकिन स्वस्थ होते ही उन्होंने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति की जांच के लिए राजस्व विभाग की सहायता मांगी। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें पुष्टि हुई कि 26 पेड़ निजी भूमि से ही काटे गए थे।
प्रधान अनीता कुमारी ने यह भी बताया कि जांच के दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया है, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस थाना प्रभारी को कर दी है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि महिला प्रधान के साथ किए गए दुर्व्यवहार के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से महिलाओं का सम्मान प्रभावित होता है, और इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने जरूरी हैं।
प्रधान ने पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे भी ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए लोगों से वादा किया है। साथ ही जांच में महिलाओं के सम्मान व बुरे बर्ताव के बारे में भी विस्तार से बातचीत की।
रिपोर्ट: राजेश कुमार

Author: Shivam Verma
Description