Jalaun News: जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र के ग्राम बारा निवासी युवक रोहित के कथित अपहरण मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने दिल्ली और गाजियाबाद में दबिश देकर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि युवक का अपहरण रुपये के लेन-देन के विवाद के चलते किया गया था।
पत्नी की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस लाइन उरई स्थित सभागार कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि आटा थाना क्षेत्र के ग्राम बारा निवासी रोहित के अपहरण की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। रोहित की पत्नी प्रियंका की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीमों का गठन किया गया था, जिन्हें युवक की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से मिली सफलता
गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से दिल्ली और गाजियाबाद में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अपहृत युवक रोहित को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त कार और अपहृत की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अजय पुत्र जयप्रकाश निवासी अटकुआं जनपद महोबा, शंकर कुमार निवासी वैशाली गाजियाबाद, सुनील पुत्र छोटेलाल निवासी हमीरपुर, रिजवान पुत्र सलीम निवासी उरई तथा दीपक पुत्र राजेश निवासी बारा शामिल हैं।
लेन-देन का विवाद बना अपहरण की वजह
पुलिस पूछताछ में रोहित ने बताया कि रुपये के लेन-देन को लेकर चल रहे विवाद के कारण उसे रास्ते से जबरन कार में बैठाकर दिल्ली ले जाया गया था। आरोपियों ने उस पर नौ लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगाया था। इसी विवाद के चलते उसे बंधक बनाकर रखा गया।
साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं। इस मामले के सफल खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना की गई। प्रेसवार्ता के दौरान क्षेत्राधिकारी कालपी अवधेश जी तथा थानाध्यक्ष अजय सिंह भी मौजूद रहे।
Author: Shivam Verma
Description









