Jalaun News: जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र अंतर्गत तगारेपुर और अकोढ़ी गांव में बीती रात चोरों ने एक के बाद एक कई घरों को निशाना बनाते हुए जमकर उत्पात मचाया। नकदी के साथ-साथ सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर चोर फरार हो गए। इन वारदातों के बाद दोनों गांवों में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस जांच में जुटी हुई है।
तगारेपुर में बंद दरवाजे के भीतर घुसे चोर
आटा थाना क्षेत्र के ग्राम तगारेपुर निवासी अनीस खान के अनुसार, वह रात में परिवार के साथ घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने बाहर से मुख्य दरवाजे में कुंडी लगा दी, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद शौचालय की छत के रास्ते घर में दाखिल होकर चोरों ने कमरों में रखे दो बक्सों को छत पर ले जाकर खंगाला।
बक्सों में रखे 24 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी चांदी की पायल, सोने की मनचली, मंगलसूत्र, झुमकी, टॉप्स और दस चांदी के सिक्के चोरी कर लिए गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। जाते समय चोर छत पर लोहे का एक औजार छोड़ गए, जिसे पुलिस अहम सुराग मान रही है।
इसी गांव में कुछ दूरी पर स्थित एक कच्चे मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। मकान मालकिन गिरजा ने बताया कि वह रात में अपने बेटे के घर सोने गई थीं। सुबह लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था। गिरजा के अनुसार, बकरे बेचकर रखे गए 17 हजार रुपये नकद और कुछ सोने के आभूषण चोरी हो गए।
अकोढ़ी गांव में भी दो घरों में चोरी
तगारेपुर से सटे अकोढ़ी गांव में भी चोरों ने दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गांव निवासी कालका प्रसाद ने बताया कि रात में घर के सभी सदस्य सोते रहे और चोरों के घर में घुसने की किसी को भनक तक नहीं लगी। चोरों ने प्लास की मदद से ताला तोड़ा और बक्से में रखे 5 हजार रुपये नकद सहित सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पास ही स्थित एक अन्य घर में भी इसी तरह चोरी हुई, जहां से चोर प्लास छोड़कर फरार हो गए।
एक ही रात में कई घरों में हुई चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थलों से मिले औजारों के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
Author: Shivam Verma
Description











