Jharkhand News: झारखंड के जमशेदपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के मानगो इलाके में बुधवार की देर शाम कुछ हमलावरों ने एक युवक को घेरकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान 23 वर्षीय राहुल सिंह उर्फ बच्चा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, करीब 10 से 15 लोगों ने मुंशी मोहल्ला मजार के पास राहुल पर धारदार हथियारों और पत्थरों से जानलेवा हमला किया और बाद में उसे गोली मार दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस को प्रारंभिक जानकारी से पता चला है कि पूरी घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का विवाद मुख्य कारण है। मुख्य आरोपी शब्बे को इस बात का शक था कि राहुल उसकी प्रेमिका के संपर्क में है, जिसे लेकर इंस्टाग्राम पर दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई थी। गौरतलब है कि मृतक राहुल और आरोपी शब्बे दोनों ही पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और पूर्व में जेल की हवा खा चुके हैं।
वारदात को अंजाम देने के कुछ ही घंटों बाद, मुख्य आरोपी शब्बे ने अपने दो सहयोगियों के साथ मानगो थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने जब उनसे सख्ती से पूछताछ की, तो हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों का पता चला। गुरुवार की भोर में पुलिस टीम जब मुख्य आरोपी को हथियार बरामद करने के लिए वन विभाग के पार्क लेकर गई, तो वहां उसने एक बार फिर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, वहां छिपाकर रखे गए हथियार निकालते ही आरोपी ने पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। अपनी जान बचाने के लिए पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और खोखे बरामद कर लिए हैं और अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।
घटना के बाद से मानगो इलाके में माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य दोषियों को भी जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
Author: Shivam Verma
Description










