Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वायरल वीडियो को एचडीएफसी बैंक की एक शाखा से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां कार्यरत महिला बैंककर्मी आस्था सिंह और एक ग्राहक के बीच तीखी बहस का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की सम्राट न्यूज़ पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के अनुसार, बैंक में किसी शिकायत को लेकर ग्राहक और महिला बैंककर्मी आस्था सिंह के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। शुरुआत में बातचीत सामान्य विवाद तक सीमित रही, लेकिन कुछ ही देर में दोनों के बीच नोकझोंक बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया और बैंक के भीतर मौजूद अन्य लोग स्थिति को संभालने की कोशिश करते नजर आए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में महिला बैंककर्मी को गुस्से में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए देखा और सुना जा सकता है। वीडियो के आधार पर दावा किया जा रहा है कि आस्था सिंह ने खुद को ठाकुर बताते हुए ग्राहक को सरेआम धमकी दी। इस दौरान कथित तौर पर मर्यादा से परे शब्दों का प्रयोग भी किया गया, जिससे बैंक परिसर में मौजूद लोगों में असहजता फैल गई।
बैंककर्मी और ग्राहक के बीच हुई इस बहस का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो देखने के बाद कुछ यूजर्स महिला बैंककर्मी के समर्थन में सामने आए हैं और उनका कहना है कि बैंक कर्मचारियों को रोजाना ग्राहकों की नाराजगी और अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ता है। वहीं, कई लोग इस घटना को अनुचित बताते हुए नाराजगी भी जता रहे हैं। फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर बैंक प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।











