Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। करारी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दर्दनाक बात यह रही कि हादसे से करीब आधा घंटा पहले ही युवकों ने बाइक पर घूमते हुए फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक ही बाइक पर पांच युवक सवार दिखाई दे रहे हैं।
दरियापुर चौराहे के पास हुआ भीषण हादसा
यह हादसा करारी थाना क्षेत्र के दरियापुर चौराहा और अरका नहर पटरी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार राहुल, आकाश, अमन, विकास और संजीत एक ही बाइक पर सवार होकर धनपरा से दरियापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में चार युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों में चाचा-भतीजा भी शामिल
हादसे में राहुल, आकाश सरोज (25), अमन (22) और संजीत की मौत हुई है। वहीं, एक अन्य युवक घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक आकाश और अमन रिश्ते में चाचा-भतीजे थे।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सत्यनारायण प्रजापत, सीओ सदर सिंह शिवांक सिंह और करारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इसके साथ ही घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
एसपी बोले- सीसीटीवी फुटेज की हो रही जांच
मामले में एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि करारी थाना क्षेत्र में दरियापुर चौराहा और अरका नहर पटरी के किनारे सड़क हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर भेजी गई। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पांच युवक एक ही बाइक पर सवार थे और ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गए। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और एक युवक घायल है। मामले की जांच सीओ को सौंपी गई है।
एसपी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। यदि चेकिंग के दौरान किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Author: Shivam Verma
Description










