Lucknow News: पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली शानदार जीत के बाद राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्सव का माहौल देखने को मिला। चिनहट वार्ड स्थित पार्षद कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ताओं, युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह नजर आया।

जनसमर्थन की जीत बताया गया परिणाम
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए इसे जनसमर्थन और पार्टी की नीतियों पर जनता के विश्वास की जीत बताया। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर जश्न मनाया और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
चिनहट वार्ड पार्षद अरुण कुमार राय ने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भारतीय जनता पार्टी देश की सबसे मजबूत और जन-आधारित राजनीतिक शक्ति के रूप में उभर चुकी है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम केवल वोटों का आंकड़ा नहीं है, बल्कि जन-विश्वास, राष्ट्रवाद और विकास की राजनीति की जीत का प्रतीक है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की रणनीतिक क्षमता और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में पार्टी लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है।

कार्यकर्ताओं के समर्पण को सराहा
अरुण कुमार राय ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों और तमाम चुनौतियों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने जिस साहस और समर्पण के साथ काम किया, वह सराहनीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में पार्टी का लगातार बढ़ता जनाधार इस बात का संकेत है कि जनता बदलाव चाहती है और राष्ट्रहित की राजनीति को स्वीकार कर रही है।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कमल पांडे, नरेंद्र श्रीवास्तव, विजय शर्मा, प्रदीप विश्वकर्मा, बबन लाल, शैलेंद्र गुप्ता, विजय बजरंगी, रजिया भाभी और नवीन राय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
Author: Shivam Verma
Description










