Translate Your Language :

Home » उत्तर प्रदेश » लखनऊ » Lucknow News: लखनऊ में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, JE को बेल्चे से पीटा, कुत्तों से कटवाने की कोशिश

Lucknow News: लखनऊ में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, JE को बेल्चे से पीटा, कुत्तों से कटवाने की कोशिश

Facebook
X
WhatsApp

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकीपुरम थाना क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर के यहां जांच के लिए पहुंची टीम के साथ कथित तौर पर जमकर मारपीट की गई। आरोप है कि अवर अभियंता (JE) पर लोहे के बेल्चे से हमला किया गया और पालतू खूंखार कुत्तों से कटवाने की भी कोशिश की गई। घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

बिजली चोरी की शिकायत पर पहुंची थी टीम

मिली जानकारी के अनुसार, इंदिरानगर के सर्वोदय नगर निवासी अशोक कुमार वर्मा विद्युत विभाग में अवर अभियंता (JE रेड) के पद पर तैनात हैं। बीते बुधवार शाम करीब 4 बजे वह अपनी टीम के साथ जानकीपुरम थाना क्षेत्र के नहर रोड स्थित ‘वंशिका प्रॉपर्टी’ के मालिक अजय दीक्षित के यहां बिजली चोरी की शिकायत की जांच करने पहुंचे थे।

इस टीम में जेई राधेश्याम यादव, संविदा लाइनमैन आयुष गौर, शिवम यादव और मनीष कुमार शर्मा भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान जब टीम ने अजय दीक्षित से बिजली मीटर दिखाने को कहा, तभी विवाद शुरू हो गया।

मीटर दिखाने को लेकर बढ़ा विवाद

आरोप है कि बिजली मीटर दिखाने की बात पर अजय दीक्षित भड़क गया और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बिजली विभाग की टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला और बढ़ गया तथा आरोपितों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित JE अशोक कुमार वर्मा के अनुसार, आरोपितों ने उनके सिर पर लोहे के बेल्चे से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इतना ही नहीं, टीम के मोबाइल फोन भी छीन लिए गए। आरोप है कि आरोपितों ने अपने पालतू खूंखार कुत्तों को भी टीम पर छोड़ने का प्रयास किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद थाने पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारी

घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भारी नाराजगी फैल गई। अधिशाषी अभियंता पंकज गुप्ता, अजय कुमार, अरुण भारती और सहायक अभियंता संतोष विश्वकर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारी जानकीपुरम थाने पहुंच गए।

कर्मचारियों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने में विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।

कई गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

मामले को लेकर ACP अलीगंज शशि प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित JE की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपित अजय दीक्षित और उसके साथियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, गाली-गलौज, मोबाइल फोन छीनने और जान से मारने की धमकी देने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं, इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल घायल JE का इलाज कराया जा रहा है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें