Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के उस दावे पर तीखा जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने की बात कही थी। अखिलेश यादव ने कहा कि जो डर जाएगा, वह अपनी पार्टी छोड़कर चला जाएगा, लेकिन भाजपा का मुकाबला करने के लिए समाजवादी पार्टी पूरी तरह तैयार है।
भाजपा डर और लालच की राजनीति करती है: अखिलेश यादव
बुधवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लंबे समय से इसी तरह की राजनीति करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कई राजनीतिक दलों को तोड़ा है और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के विधायक, एमएलसी तथा राज्यसभा सदस्य भी तोड़े गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह सब डर, लालच और स्वार्थ के आधार पर किया गया होगा। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह ऐसी पार्टी है जो लोगों को डराकर और लालच देकर कुछ भी करा सकती है। अखिलेश यादव ने कहा कि जो व्यक्ति डर जाएगा, वह अपना दल छोड़कर चला जाएगा, लेकिन भाजपा का मुकाबला करने के लिए बहादुर लोगों की टीम की जरूरत होती है और समाजवादी पार्टी इस लड़ाई के लिए तैयार है।
भाजपा के विधायक भी पाला बदलने को तैयार: सपा प्रमुख
अखिलेश यादव ने दावा किया कि अब वह भाजपा को तोड़ने की राजनीति नहीं करेंगे और न ही भाजपा के विधायकों को अपनी पार्टी में शामिल करेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि भाजपा खुद अन्य दलों को तोड़ने और सांसदों-विधायकों को अपने पक्ष में करने का काम कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के कई विधायक स्वयं पाला बदलने की तैयारी में हैं। उनके अनुसार, कई नेता ऐसे होते हैं जो सही समय आने पर ही अपने पत्ते खोलते हैं और फिलहाल भाजपा के भीतर भी असंतोष मौजूद है।
राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
पत्रकार वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए धर्म का मतलब केवल धन रह गया है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के गायब होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि “सीसीटीवी से सीसी का राज खुल जाएगा।”
उन्होंने कहा कि “सीसी” का मतलब चढ़ावा चोरी और चंदा चोरी है। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने गोरखपुर में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली से जुड़े आंकड़े भी प्रस्तुत किए और जल्द ही वहां कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने की बात कही।
राजभर ने सपा में बड़ी टूट का किया दावा
इससे पहले कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने का दावा कर राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी थी। राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें एक पत्र सौंपा है।
ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने ट्वीट में खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का भी उल्लेख किया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इन घोटालों का मास्टरमाइंड कौन है, यह पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। राजभर ने कहा कि जैसे-जैसे जांच का शिकंजा कस रहा है, समाजवादी पार्टी की बेचैनी बढ़ रही है।
राजभर के दावे और अखिलेश के जवाब से तेज हुई सियासत
ओमप्रकाश राजभर के दावों और उस पर अखिलेश यादव की तीखी प्रतिक्रिया के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर दल-बदल और तथाकथित “ऑपरेशन लोटस” को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दोनों नेताओं के बयानों ने प्रदेश की सियासत को नया मुद्दा दे दिया है, जिसके राजनीतिक प्रभाव पर अब सभी की नजर बनी हुई है।
Author: Shivam Verma
Description











