Lucknow News: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर की फोटो से छेड़छाड़ करने वाले एक इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह शिकायत सुभासपा के प्रदेश कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश चौधरी की ओर से दी गई है।
इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो से विवाद
सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में कई बार प्रसिद्ध व्यक्तियों की छवियों के साथ छेड़छाड़ कर वीडियो बनाए जाते हैं। इसी तरह, एक इंस्टाग्राम यूजर विवेक पासी ने डॉ. अरविंद राजभर की तस्वीर से छेड़छाड़ कर एक आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे वायरल किया। इस वीडियो में जातिगत टिप्पणियां और गाली-गलौज भी की गई।
पूर्व राज्यमंत्री को दी गई हत्या की धमकी
धर्म प्रकाश चौधरी, जो यूपी के बस्ती जिले के सोनहा क्षेत्र के निवासी हैं और सुभासपा के प्रदेश कार्यालय प्रभारी हैं, ने बताया कि यह वीडियो उनके संज्ञान में तब आया जब वह हजरतगंज स्थित पार्टी कार्यालय में काम कर रहे थे। जांच करने पर पता चला कि वीडियो विवेक पासी नामक इंस्टाग्राम यूजर द्वारा पोस्ट किया गया था। इसमें न केवल डॉ. अरविंद राजभर की छवि के साथ छेड़छाड़ की गई बल्कि उन्हें हत्या की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभासपा नेता की तहरीर के आधार पर हजरतगंज थाने में विवेक पासी के खिलाफ BNS की धारा 315(4) व IT एक्ट 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। हजरतगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी और अन्य जानकारी की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











