UP News: उत्तर प्रदेश के नोएडा में काम करने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की रूस की राजधानी मॉस्को से गिरफ्तारी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. कानपुर के रहने वाले चंदन गुप्ता नोएडा के सेक्टर 62 स्थित एक प्राइवेट कंपनी में बतौर इंजीनियर अपनी सेवाएं दे रहे थे. काम के सिलसिले में ही वह अपनी पत्नी के साथ मॉस्को में रह रहे थे, जहां स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है.
चंदन गुप्ता की पत्नी नेहा गुप्ता ने इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक दर्द भरा वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो के जरिए उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तुरंत हस्तक्षेप करने और उनके पति की सुरक्षित वतन वापसी की गुहार लगाई है. महिला का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में उनके 10 साल का बेटा भी बेहद डरा हुआ है.
पीड़ित पत्नी ने आशंका जताई है कि उनके पति को मॉस्को में किसी साजिश के तहत फंसाया गया है और उन्हें डर है कि कहीं उनके पति को जबरन या धोखे से रूसी सेना में शामिल होने के लिए ना भेज दिया जाए. पिछले कुछ समय से रूस और यूक्रेन युद्ध के बीच ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं जहां विदेशी नागरिकों को सेना में धकेले जाने की खबरें आई हैं, जिससे परिवार की चिंताएं और अधिक बढ़ गई हैं.
नेहा गुप्ता ने बताया कि उन्हें स्थानीय भाषा ना आने की वजह से मॉस्को में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. वह लगातार भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं और अधिकारियों से मदद की गुहार लगा रही हैं. दूतावास के अधिकारियों ने मामले में संज्ञान लेते हुए कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच जारी रहने का आश्वासन दिया है, लेकिन परिवार की बेचैनी कम होने का नाम नहीं ले रही है.
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है और लोग चंदन गुप्ता की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं. परिवार ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि राजनयिक स्तर पर बातचीत करके चंदन गुप्ता को जल्द से जल्द रिहा कराया जाए ताकि वह अपने परिवार के पास सुरक्षित लौट सकें.
Author: Shivam Verma
Description











