Home » पंजाब » Punjab News: पिकअप-ट्राले की आमने-सामने टक्कर में 8 लोगों की मौत, अस्थियां विसर्जित करने जा रहा था परिवार

Punjab News: पिकअप-ट्राले की आमने-सामने टक्कर में 8 लोगों की मौत, अस्थियां विसर्जित करने जा रहा था परिवार

Facebook
X
WhatsApp

Punjab News: पंजाब के फाजिल्का जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में पांच महिलाएं और एक 10 वर्षीय बच्चा भी शामिल हैं। हादसा फिरोजपुर हाईवे पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ, जब एक पिकअप वाहन और ट्राले के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए फिरोजपुर भेज दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए फरीदकोट रेफर किया गया है।

अस्थियां विसर्जित करने जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, जलालाबाद के गांव मल्कज़ादे का एक परिवार अपने दिवंगत परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए डेरा ब्यास जा रहा था। पिकअप वाहन में परिवार और रिश्तेदारों सहित करीब 25 से 30 लोग सवार थे।

जब वाहन गांव हुसैनशाह के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक ट्राले से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पलटकर सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि राहत दल के पहुंचने तक 8 लोगों की मौत हो चुकी थी।

गंभीर घायलों का फरीदकोट में इलाज जारी

हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सभी गंभीर घायलों को फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में से तीन की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

ओवरलोडिंग ने बढ़ाया हादसे का खतरा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाया गया था। वाहन की छत और फर्श के बीच अतिरिक्त जगह बनाकर लोगों को बैठाया गया था। इसके अलावा पीछे लकड़ी के फट्टे लगाकर वाहन का हिस्सा बढ़ाया गया था और चढ़ने-उतरने के लिए सीढ़ी भी लगाई गई थी।

हादसे के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालना राहतकर्मियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि कई लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें निकालने के लिए पिकअप के हिस्सों को कटर से काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को बाहर निकाला जा सका।

ट्राला चालक पर लापरवाही का आरोप, जांच शुरू

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि ट्राला कथित तौर पर रांग साइड से आ रहा था। आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही पिकअप से टकरा गया।

हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही मृतकों और घायलों की पहचान का कार्य भी जारी है।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें