Raebareli, Salon: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 12 फरवरी 2025 को रायबरेली के सलोन में भव्य विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा किया गया, जिसका शुभारंभ सलोन विधायक अशोक कुमार और मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुरोहितों ने सभी जोड़ों को विवाह की रस्में पूरी कराई। इस सामूहिक विवाह समारोह में जिले के विभिन्न विकास खंडों के कुल 202 जोड़ों ने भाग लिया। इनमें विकास खंड सलोन से 47, डीह से 109, छतोह से 66, नगर पंचायत सलोन से 1, नगर पंचायत नसीराबाद से 5 और नगर पंचायत परशदेपुर से 12 जोड़े शामिल हुए। कुल 240 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिसमें 200 हिंदू और 2 मुस्लिम जोड़े विवाह बंधन में बंधे।
समारोह में विधायक अशोक कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। सरकार द्वारा प्रत्येक जोड़े को वस्त्र, आभूषण (चांदी की पायल, बिछिया), स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, वैनिटी किट, दीवार घड़ी और ट्रॉली बैग उपहार स्वरूप प्रदान किए गए।
विधायक अशोक कुमार ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे निर्धन परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न होता है और उनके परिवारों को आर्थिक बोझ से मुक्ति मिलती है। उन्होंने इस योजना के सफल संचालन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया और नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सलोन मिथलेश कुमार तिवारी, खंड विकास अधिकारी सलोन शशिकुमार तिवारी, खंड विकास अधिकारी डीह शिवाकांत बाजपेयी, खंड विकास अधिकारी छतोह धीरेन्द्र त्रिपाठी, एडीओ पंचायत सलोन जीतेंद्र सिंह, ग्राम विकास अधिकारी केके पांडेय, मनीष श्रीवास्तव और समाज कल्याण विभाग रायबरेली से मुकेश सिंह, आशीष पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। यह आयोजन जिले में सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने वाला साबित हुआ।

Author: Shivam Verma
Description