Sitapur News: लहरपुर क्षेत्र के भिट्टिया ग्राम में मोबाइल टावर पर कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से टावर कर्मी मुन्ना (30 वर्ष), निवासी चीतपुर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
काम के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मुन्ना भिट्टिया गांव स्थित एक मोबाइल टावर पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि लाइनमैन सुजीत ने सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना तथा बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद कराए बिना ही मुन्ना को टावर पर काम करने के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि यदि आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई होती, तो इस हादसे से बचा जा सकता था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मुन्ना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लहरपुर पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : अभिषेक मिश्रा, लहरपुर (सीतापुर)
Author: Shivam Verma
Description









