UP News: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के विजन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए “संध्या संवाद कार्यक्रम” की शुरुआत की जा रही है। इस अभिनव पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना है। कार्यक्रम की शुरुआत 8 मई को श्रावस्ती जिले की एक चयनित ग्राम पंचायत से होगी।
ग्राम पंचायत स्तर पर होगा सीधा संवाद
देवीपाटन मंडल में ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले “संध्या संवाद कार्यक्रम” के तहत मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचकर खुली चौपाल में उनकी समस्याएं सुनेंगी। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे, ताकि शिकायतों का तत्काल समाधान किया जा सके। साथ ही, ग्रामीणों को अपनी समस्याएं, सुझाव और अनुभव सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा।
मंडलायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट निर्देश है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं की पहचान कर उन्हें दूर किया जाएगा।
चार जिलों में चलेगा अभियान
“संध्या संवाद कार्यक्रम” का आयोजन देवीपाटन मंडल के चार जिलों—गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर—में किया जाएगा। इसकी शुरुआत श्रावस्ती से होगी, जहां मंडलायुक्त की अगुवाई में ग्राम पंचायत स्तर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस पहल से प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
एक दिवसीय शिविर में मिलेगा योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित ग्राम पंचायत में एक दिवसीय विशेष शिविर भी लगाया जाएगा। इस शिविर में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया जाएगा। साथ ही, लाभार्थियों को उसी दिन प्रमाणपत्र भी वितरित किए जाएंगे, जिससे उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। योजनाओं का वितरण जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाएगा।
दिनभर तय कार्यक्रम के अनुसार होंगे आयोजन
8 मई को श्रावस्ती में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और पेंशनरों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।
दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक जिले में निर्मित और निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता की जांच की जाएगी, जिसमें मंडलायुक्त द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक अभिलेखों के साथ मौके पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच श्रावस्ती की चयनित ग्राम पंचायत में “संध्या संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया जाएगा, जहां ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
Author: Shivam Verma
Description










