UP News: उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण सिंह ने एक कार्यक्रम के दौरान राज्य में चीनी के पर्याप्त स्टॉक को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस समय उत्तर प्रदेश के पास करीब छह महीने का अतिरिक्त चीनी स्टॉक मौजूद है, जिसकी वजह से राज्य में किसी भी तरह की कमी होने की कोई संभावना नहीं है. सरकार की नीतियों और बेहतर प्रबंधन की वजह से चीनी उद्योग लगातार मजबूती की ओर बढ़ रहा है.
गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के मुद्दे पर बात करते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में वर्तमान स्थिति काफी बेहतर हुई है. उन्होंने जानकारी दी कि राज्य की कई चीनी मिलों ने किसानों को तय समय यानी 14 दिनों के भीतर भुगतान किया है, जबकि कुछ ने साप्ताहिक भुगतान का विकल्प अपनाया है. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले के समय में मिलों से भुगतान मिलने में सालो लग जाते थे, लेकिन आज रिकवरी रेट सुधरने और गन्ना माफियाओं पर नकेल कसने के कारण स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के उस दावे पर भी कड़ा पलटवार किया गया जिसमें उन्होंने सरकार बनने पर 24 से 48 घंटे के भीतर गन्ना भुगतान करने की बात कही थी. मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि सपने देखना गलत नहीं है, लेकिन विपक्ष को अपने कार्यकाल के दौरान की बदहाली को भी याद रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौर में मिलें बंद होती थीं और किसानों को उनका हक पाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ता था, जबकि मौजूदा सरकार में एथेनॉल और चीनी उत्पादन दोनों के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए हैं.
एथेनॉल उत्पादन पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में सबसे आगे निकल चुका है और पिछले कुछ सालों में दर्जनों नए प्लांट स्थापित किए गए हैं. यह कदम देश को ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है. इसके अलावा, मथुरा और कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या और काशी की तर्ज पर ही भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर भी इसी पवित्र भूमि पर बनेगा, हालांकि यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है.











