Home » ट्रेंडिंग » Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी से सेल्फी मांगने पर मजबूर हुए जस्टिन लेंगर, कहा- जिंदगी में सिर्फ दूसरी बार किया ऐसा

Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी से सेल्फी मांगने पर मजबूर हुए जस्टिन लेंगर, कहा- जिंदगी में सिर्फ दूसरी बार किया ऐसा

Facebook
X
WhatsApp

Vaibhav Suryavanshi: महज 15 वर्ष की उम्र में वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट जगत का ऐसा नाम बन चुके हैं, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने न केवल प्रशंसकों बल्कि दुनिया भर के दिग्गज क्रिकेटरों को भी प्रभावित किया है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और लखनऊ सुपर जॉइंट्स (एलएसजी) के हेड कोच जस्टिन लेंगर भी वैभव की प्रतिभा से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने उनसे साथ में सेल्फी लेने का अनुरोध किया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

लेंगर ने इस बात का खुलासा लिंक्डइन पर साझा की गई अपनी एक पोस्ट में किया। उन्होंने बताया कि यह उनकी जिंदगी में केवल दूसरा मौका था, जब उन्होंने किसी अन्य खिलाड़ी से स्वयं सेल्फी की गुजारिश की।

RR बनाम LSG मैच के बाद खिंचवाई सेल्फी

राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जॉइंट्स के बीच खेले गए मुकाबले के बाद जस्टिन लेंगर ने वैभव सूर्यवंशी से सेल्फी लेने का अनुरोध किया। वैभव ने भी तुरंत उनके साथ तस्वीर खिंचवाई। लेंगर के लिए यह केवल एक फोटो नहीं, बल्कि एक ऐसी याद है जिसे वे लंबे समय तक संजोकर रखना चाहते हैं।

पहली बार बचपन के हीरो से मांगी थी सेल्फी

जस्टिन लेंगर ने अपनी पोस्ट में बताया कि इससे पहले उन्होंने केवल एक बार किसी खिलाड़ी से सेल्फी के लिए कहा था। वह खिलाड़ी उनके बचपन के हीरो और ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल लीग के महान खिलाड़ी स्टीफन माइकल थे।

लेंगर ने लिखा, “पिछले हफ्ते मैंने कुछ ऐसा किया, जो अपनी जिंदगी में सिर्फ दूसरी बार किया है। मैंने किसी अन्य खिलाड़ी से सेल्फी देने को कहा। कुछ साल पहले पहली बार ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल लीग के अपने बचपन के हीरो साउथ फ्रेमैंटल के स्टीफन माइकल से गुजारिश की थी।”

वैभव की बल्लेबाजी से प्रभावित हुए लेंगर

अपनी पोस्ट में जस्टिन लेंगर ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने लिखा कि बिहार के एक गांव से आने वाले इस 15 वर्षीय बल्लेबाज ने उनकी टीम लखनऊ सुपर जॉइंट्स के खिलाफ मैदान के हर कोने में रन बनाए।

लेंगर ने कहा, “दूसरी बार बिहार के एक गांव के एक 15 वर्ष के लड़के से कहा। वैभव सूर्यवंशी ने मेरी टीम लखनऊ सुपर जॉइंट्स को मैदान के हर कोने में पीटा। उसने इस आईपीएल सीजन में 53 छक्के जड़ दिए हैं। यह किसी भी टी20 टूर्नामेंट में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए दूसरे सबसे ज्यादा छक्के हैं। वह सिर्फ क्रिस गेल से पीछे है। वह पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र का शतकवीर है। वह 15 वर्ष का है।”

बाद में तोड़ दिया क्रिस गेल का रिकॉर्ड

लेंगर ने यह पोस्ट एलएसजी और राजस्थान रॉयल्स के मैच के बाद लिखी थी। हालांकि इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में 12 छक्के जड़कर क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। इस सीजन में वैभव के नाम अब कुल 65 छक्के दर्ज हो चुके हैं। इससे पहले आईपीएल 2012 में क्रिस गेल ने 59 छक्के लगाए थे, जो किसी भी टी20 टूर्नामेंट के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड था।

वैभव की प्रतिभा को लेकर जस्टिन लेंगर ने अपनी हैरानी भी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “इस खेल में 35 साल तक रहने के बाद, मैं यह विश्वास ही नहीं कर सकता कि यह लड़का ऐसे खेलता है। मैंने उसके जैसा इससे पहले कुछ भी नहीं देखा है।”

एलिमिनेटर में खेली 29 गेंदों पर 97 रन की तूफानी पारी

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने केवल 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली। वह आईपीएल इतिहास के सबसे तेज शतक के क्रिस गेल के 30 गेंदों वाले रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन तीन रन से चूक गए।

उनकी इस शानदार पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को एकतरफा अंदाज में हराया। अब शुक्रवार को क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स का सामना गुजरात टाइटन्स से होगा। इस मुकाबले की विजेता टीम 31 मई को फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें