Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में पुलिस हिरासत के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली चंदपा थाने की है, जहां एक युवक ने थाने के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात आरक्षी को निलंबित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, चंदपा थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी को गाजियाबाद के लोनी निवासी 30 वर्षीय चंद्रपाल पुत्र भोलाशंकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस संबंध में किशोरी के पिता ने थाना चंदपा में मुकदमा दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि किशोरी और युवक के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क हुआ था।
पुलिस ने गुरुवार को किशोरी और युवक को गाजियाबाद से बरामद कर लिया था। किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया, जबकि युवक चंद्रपाल को पूछताछ के लिए थाने में रखा गया था।
शौचालय में लगाई फांसी, पुलिस को हुई भनक
पुलिस के मुताबिक, युवक ने शौचालय जाने की अनुमति मांगी, जिसके बाद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उसे शौचालय तक लेकर गए। करीब 15 मिनट तक बाहर न आने पर पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ। जब अंदर जाकर देखा गया तो युवक शौचालय के रोशनदान की ग्रिल से अपने अंगोछे के सहारे फंदा बनाकर लटका हुआ मिला। यह दृश्य देख थाने में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद युवक को अचेत अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की सूचना परिजनों को दे दी।
एसपी ने लिया सख्त एक्शन
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंहा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए एसपी ने थाना प्रभारी श्याम सिंह और ड्यूटी आरक्षी लाखन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही दोनों के खिलाफ अभियोग भी दर्ज कराया गया है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन इस घटना से आक्रोशित और स्तब्ध हैं। मामला अब जांच के दायरे में है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Author: Shivam Verma
Description










