Jhansi New: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के मऊरानीपुर कस्बे में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 21 वर्षीय युवक नीरज कुशवाहा का शव उसके घर के पास एक नीम के पेड़ से लटका मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
नीरज की शादी आगामी अक्षय तृतीया के दिन तय थी, लेकिन शादी से ठीक एक महीने पहले ही उसने आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आत्महत्या से पहले नीरज किसी से फोन पर बातचीत कर रहा था। पुलिस फिलहाल उसके मोबाइल की जांच कर रही है, जिससे घटना के पीछे की असली वजह का पता चल सके।
परिजनों के अनुसार, नीरज के माता-पिता मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। मृतक के दादा करीम कुशवाहा ने बताया कि नीरज रात को घर आया, खाना खाया और सोने चला गया। लेकिन पूरी रात वह किसी से फोन पर बातचीत करता रहा। सुबह जब स्थानीय लोगों ने उसे पेड़ से लटकता हुआ देखा, तो उन्होंने तुरंत परिवार को सूचना दी और फिर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक निखिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल, नीरज की आत्महत्या की असली वजह का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मृतक के फोन रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस जल्द ही मामले की गहन जांच कर इस रहस्य से पर्दा उठाने की कोशिश कर रही है।











