World News: अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई (FBI) ने कुख्यात अपराधी सतिंदरजीत सिंह, जिसे गोल्डी बराड़ के नाम से भी जाना जाता है, की धरपकड़ के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। एजेंसी ने सतिंदरजीत की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 50,000 अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित किया है। सतिंदरजीत पर लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह का मुख्य सदस्य होने और कई गंभीर हिंसक घटनाओं में शामिल रहने का आरोप है।
एफबीआई की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, सतिंदरजीत सिंह मुख्य रूप से दक्षिणी कैलिफोर्निया के साथ-साथ अमेरिका, कनाडा और अन्य अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रों में लॉरेंस बिश्नोई के आपराधिक नेटवर्क को संचालित करने का काम कर रहा है। उस पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है, जिनमें जबरन वसूली, रैकेटीयरिंग और अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे संगीन जुर्म शामिल हैं। लॉस एंजिल्स की एक अदालत ने पहले ही उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखा है।
इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ का हिस्सा माना जा रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले आपराधिक गिरोहों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की एक बड़ी पहल है। हाल ही में अमेरिका, कनाडा और यूरोप की सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह से जुड़े 24 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। यह अभियान उन संगठित अपराध समूहों पर चोट करने के लिए शुरू किया गया है जो वैश्विक स्तर पर हिंसा और डर का माहौल फैला रहे हैं।
जांच एजेंसियों के दस्तावेजों में सतिंदरजीत सिंह का नाम कनाडा में हुए खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश में भी सामने आया है। अमेरिकी अभियोजकों का आरोप है कि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के इशारे पर ही इस हत्याकांड की पूरी रूपरेखा तैयार की गई थी। इसके बाद से ही अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां गोल्डी बराड़ को पकड़ने के लिए लगातार जाल बिछा रही हैं।
एफबीआई का कहना है कि सतिंदरजीत के तार न केवल कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो और फ्रेस्नो जैसे इलाकों से जुड़े हैं, बल्कि उसका नेटवर्क भारत और मैक्सिको तक फैला हुआ है। 50 हजार डॉलर का इनाम घोषित करना इस बात का संकेत है कि अमेरिकी एजेंसियां अब इस गिरोह के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के मूड में हैं। इस बड़ी घोषणा के बाद अब सतिंदरजीत सिंह की मुश्किलें और भी ज्यादा बढ़ गई हैं।
Author: Shivam Verma
Description










