Sonam Raghuvanshi News: चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में सशर्त जमानत पर जेल से बाहर आई सोनम रघुवंशी पहली बार मीडिया के सामने आईं। उन्होंने अपने ऊपर लगाए जा रहे विभिन्न दावों और अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि उनके बारे में गलत जानकारी फैलाई जा रही है। हालांकि, उन्होंने मामले के कानूनी पहलुओं पर टिप्पणी करने से इनकार किया और कहा कि मामला अभी ट्रायल कोर्ट में विचाराधीन है।
सोनम रघुवंशी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “ये सब झूठ बोल रहे हैं। मेरे बारे में अफवाह फैलाई जा रही है। प्लीज इन बातों पर ध्यान मत देना। मैं अभी इस केस में कुछ नहीं बोल सकती, क्योंकि केस अभी ट्रायल कोर्ट में चल रहा है।”
कोर्ट के फैसलों का सम्मान करने की बात कही
मीडिया से बातचीत के दौरान सोनम रघुवंशी ने कहा कि उन्होंने अब तक अदालत के हर फैसले का सम्मान किया है और आगे भी ऐसा करती रहेंगी। हाल ही में उन्हें सशर्त जमानत मिली है। जमानत की शर्तों के अनुसार वह शिलॉन्ग से बाहर नहीं जा सकतीं।
मई 2025 में हुई थी राजा रघुवंशी की हत्या
गौरतलब है कि मई 2025 में मध्य प्रदेश के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी राजा रघुवंशी की मेघालय के शिलॉन्ग में हत्या कर दी गई थी। मामले में कथित तौर पर उनकी नवविवाहिता पत्नी सोनम रघुवंशी को मास्टरमाइंड बताया गया था। शादी के महज आठ दिन बाद दंपति हनीमून के लिए शिलॉन्ग गए थे।
राजा रघुवंशी का सड़ा-गला शव 2 जून 2025 को ईस्ट खासी हिल्स जिले के सोहरा सिविल सब-डिवीजन के रियाट अर्लियांग क्षेत्र में एक पार्किंग लॉट के नीचे स्थित गहरी खाई से बरामद किया गया था।
शिलॉन्ग में रहने का किया दावा
सोनम रघुवंशी ने कहा कि वह लगातार शिलॉन्ग में ही रह रही हैं और कहीं बाहर नहीं गई हैं। उन्होंने कहा, “मैं शिलॉन्ग में ही रह रही हूं। मैं यहां से बाहर नहीं गई हूं।”
हालांकि, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने अपने वर्तमान निवास स्थान की जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह सुरक्षा कारणों से यह नहीं बता सकतीं कि वह कहां रह रही हैं।
खर्च खुद उठाने का दावा
सोनम ने यह भी कहा कि वह अपना खर्च स्वयं उठा रही हैं और किसी से आर्थिक मदद नहीं ले रही हैं। जब उनसे पूछा गया कि वह खर्च का प्रबंधन कैसे कर रही हैं, तो उन्होंने इस बारे में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा, “मैं अपना खर्चा खुद उठा रही हूं… कोई मेरी मदद नहीं कर रहा है।” हालांकि, खर्च के स्रोत के बारे में उन्होंने कोई खुलासा नहीं किया।
नेपाल भागने की अफवाहों को बताया गलत
जमानत मिलने के बाद सोनम रघुवंशी के नेपाल भाग जाने की चर्चाएं भी सामने आई थीं। इन दावों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह गलत है और वह शिलॉन्ग से बाहर नहीं गई हैं।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उनके बारे में फैलाई जा रही अफवाहों पर विश्वास न किया जाए और केवल तथ्यों पर ध्यान दिया जाए।
मामले में सीबीआई जांच की उठी मांग
राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की थी। उनका कहना था कि यह बेहद संवेदनशील मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इसी बीच सोनम रघुवंशी ने सार्वजनिक रूप से सामने आकर दावा किया है कि वह शिलॉन्ग में ही हैं और उनके बारे में फैलाई जा रही कई बातें तथ्यात्मक रूप से गलत हैं।
परिवार ने बनाई दूरी
सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद ने पहले दावा किया था कि परिवार ने उनसे दूरी बना ली है। उन्होंने कहा था कि परिवार ने सोनम के लिए कोई वकील नियुक्त नहीं किया है और उसे उसके हाल पर छोड़ दिया है।
गोविंद का यह बयान उस समय सामने आया था जब सोनम के जेल से बाहर आने के बाद उनके पिता देवी रघुवंशी शिलॉन्ग में दिखाई दिए थे। गोविंद ने यह भी स्पष्ट किया था कि परिवार पहले ही तय कर चुका है कि सोनम को इंदौर स्थित उनके घर में नहीं रखा जाएगा।
Author: Shivam Verma
Description











