Raebareli News: रायबरेली जिले के सलोन कोतवाली क्षेत्र के रुद्रपुर गांव से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक स्थानीय कार्यक्रम के दौरान परोसे गए दूषित मट्ठा को पीने से करीब 25 बच्चे फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में शामिल बच्चों को मट्ठा परोसा गया था। मट्ठा पीने के कुछ ही समय बाद बच्चों को उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी। अचानक एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों की तबीयत बिगड़ने से परिजन घबरा गए और तत्काल उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर
स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने कई बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कुल 25 बच्चों में से 6 बच्चों की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। इन बच्चों को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
पीड़ित बच्चों के परिजनों ने बताया कि उनके बच्चे कार्यक्रम में गए थे और मट्ठा पीने के तुरंत बाद ही उनकी हालत बिगड़ने लगी। बच्चों को तेज पेट दर्द और लगातार उल्टियों की समस्या होने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
सीएमओ ने लिया संज्ञान, जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायबरेली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. नवीन चंद्रा ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर बच्चों का हाल जाना और डॉक्टरों की एक विशेष टीम को इलाज में लगाया।
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को प्रभावित गांव रुद्रपुर भेजा गया है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मट्ठा कैसे दूषित हुआ और इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।
Author: Shivam Verma
Description










