Kanpur News: कानपुर के साकेत नगर स्थित जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन (JIMMC) में “Legal Journalism as a Career: Skills, Scope & Real-World Insights” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को कानूनी पत्रकारिता के बदलते परिदृश्य, उसकी चुनौतियों और करियर के अवसरों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मंच संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर सुश्री आकृति अवस्थी ने किया। वहीं असिस्टेंट प्रोफेसर श्री राम जी बाजपेई और श्री दीपक नेगी ने ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के माध्यम से संस्थान के 20 वर्षों के गौरवशाली सफर को दर्शाया।
कानूनी पत्रकारिता की बढ़ती भूमिका
मुख्य अतिथि के रूप में दैनिक जागरण के नेशनल ब्यूरो की असिस्टेंट एडिटर श्रीमती माला दीक्षित ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में कानूनी पत्रकारिता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र न्यायिक प्रक्रियाओं को आम जनता तक सरल भाषा में पहुंचाने के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करता है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि इस क्षेत्र में काम करते समय ईमानदारी और तथ्यों की सटीकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
जिम्मेदारी और नैतिकता पर जोर
विशिष्ट अतिथि वीएसएसडी पीजी कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. नीरू टंडन ने अपने संबोधन में कहा कि वकालत और पत्रकारिता केवल पेशे नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी हैं। उन्होंने छात्रों को नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और बताया कि दोनों ही क्षेत्र समाज में सम्मानजनक स्थान रखते हैं।
सोमवार को आयोजित इस संयुक्त सेमिनार का शुभारंभ वीएसएसडी कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. नीरू टंडन और दैनिक जागरण नेशनल ब्यूरो की सुप्रीम कोर्ट करेसपांडेंट एवं असिस्टेंट एडिटर सुश्री माला दीक्षित ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिम्सी के निदेशक डॉ. उपेंद्र भी उपस्थित रहे।
विशेषज्ञों ने साझा किए फील्ड अनुभव
कार्यक्रम में विशेष वक्ता के रूप में नवभारत टाइम्स के सीनियर जर्नलिस्ट श्री प्रवीन मोहता, टाइम्स ऑफ इंडिया के सीनियर जर्नलिस्ट श्री अनंत शेखर मिश्रा और सीनियर जर्नलिस्ट श्री महेश शर्मा ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कानूनी रिपोर्टिंग के व्यावहारिक पहलुओं, फील्ड की चुनौतियों और बदलते मीडिया परिदृश्य पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही छात्रों को इस क्षेत्र में सफल करियर बनाने के लिए आवश्यक कौशल और दृष्टिकोण के बारे में मार्गदर्शन दिया।
टॉक शो का संचालन कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. संजय चंदानी ने किया, जिन्होंने अपने प्रभावी और संतुलित संचालन से कार्यक्रम को संवादात्मक बनाए रखा।
छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक रहा कार्यक्रम
कार्यक्रम के अंत में असिस्टेंट प्रोफेसर धीरज शर्मा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन के डायरेक्टर डॉ. उपेंद्र पांडे, जागरण कॉलेज ऑफ आर्ट्स साइंस एंड कॉमर्स की प्रिंसिपल डॉ. अस्मिता दुबे, जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट की डायरेक्टर डॉ. दिव्या चौधरी, जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ डिजिटल एनीमेशन के डायरेक्टर अमरदीप सिंह, टीवी स्टूडियो इंचार्ज अखिलेश मिश्र, लाइब्रेरी इंचार्ज देवेंद्र मणि मिश्र और एडमिन इंचार्ज राजेश याग्निक भी मौजूद रहे।
कार्यशाला में बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया और इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।
Author: Shivam Verma
Description










